Last Updated:
खरगोन की मोनालिसा भोंसले केरल में फरमान खान से शादी करके फिर चर्चा में आईं. अब उन्होंने लेटर लिखकर बताया है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है. उन्होंने यह भी बताया है कि उनके खिलाफ झूठा प्रचार फैलाया जा रहा है. इसके अलावा उन्होंने कानूनी रूप से विवाह करने की बात कही है.
मोनालिसा ने लेटर लिखकर मांगी सुरक्षा
कुंभ में माला और फूल बेचकर सोशल मीडिया सेंसेशन बनी मोनालिसा ने केरल में फरमान खान नाम के व्यक्ति से शादी करके सभी को चौंका दिया था. जबकि उनका परिवार इस शादी के सख्त खिलाफ है और उनसे कई बार वापसी की गुहार भी लगा चुका है. कुछ लोगों ने मोनालिसा की शादी को उनका निजी फैसला बताया है. वहीं कुछ लोग उन्हें गुमराह करने के भी आरोप लगा रहे हैं. अब मोनालिसा ने एक पत्र लिखकर बताया है कि उन्हें जाने से मारने की धमकी दी जा रही है है. उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है. उन्होंने अपने पत्र को न्यूज 18 को भी भेजा है.
मोनालिसा ने पत्र में लिखा है कि बालिग होने के बाद भी मेरे खिलाफ झूठे प्रचार चलाए जा रहे हैं और मुझे मारने की धमकियां भी मिल रही हैं. मैं एक फिल्म ‘नागमा’ के सिलसिले में केरल आई थी, जहां मेरी मुलाकात फरमान खान से हुई. उनके सरल स्वभाव और मुझे समझने की कोशिश ने मुझे प्रभावित किया, जब मैंने उन्हें पसंद करना शुरू किया, तो उन्होंने पहले मुझे अपने करियर पर ध्यान देने को कहा. फिर हमारे बीच गहरा प्रेम हो गया. मेरे परिवार की स्थिति और मेरी मर्जी के खिलाफ किसी और से शादी कराने के उनके फैसले को देखते हुए, मैंने फरमान के साथ जीवन बिताने का फैसला लिया.
मोनालिसा ने कानूनी रूप से विवाह करने की कही बात
मोनालिसा ने पत्र में आरोप लगाया है कि कई लोग मेरी पहचान का आर्थिक लाभ उठाना चाहते हैं. मैंने पुलिस स्टेशन में अपने सभी वैध दस्तावेज (आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र) प्रस्तुत किए, जिससे यह पुष्टि हुई कि मेरी आयु 18 साल से अधिक है. हमने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ‘कॉमन मैरिज एक्ट 2008’ के तहत कानूनी रूप से विवाह किया है.
मोनालिसा ने सुरक्षा की मांग की
मोनालिसा ने पत्र में लिखा है कि मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से हमें खुलेआम जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं. वकील और कुछ संगठनों के लोग हमारे खिलाफ हिंसक बयानबाजी कर रहे हैं. उनके खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज करवाकर. उनके पति को फंसाया जा रहा है. भारतीय संविधान द्वारा एक नागरिक को दिए गए गरिमापूर्ण जीवन जीने के अधिकार की रक्षा करें और हमें सुरक्षा प्रदान की जाए.
.