उपद्रवियों ने की आगजनी, पुलिस ने पाया काबू: शिवपुरी में IG का वार्षिक निरीक्षण के दौरान बलवा ड्रिल; वाहनों का माइलेज चेक किए – Shivpuri News


ग्वालियर जोन के महानिरीक्षक (IG) अरविंद कुमार सक्सेना दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण के लिए शिवपुरी पहुंचे। गुरुवार को उन्होंने पुलिस परेड ग्राउंड में परेड की सलामी ली और बलवा ड्रिल (दंगा नियंत्रण अभ्यास) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस वाहनों की स्थिति जांची और जवानों की फिटनेस का भी रियलिटी चेक किया। निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ भी उनके साथ मौजूद रहे। गुरुवार को आईजी ने पुलिस परेड ग्राउंड में परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की यूनिफॉर्म, टर्नआउट तथा फिटनेस का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बेहतर यूनिफॉर्म और फिट जवानों की सराहना करते हुए परेड की सलामी ली। बलवा ड्रिल- एक्सीडेंट के बाद बिगड़े हालात महानिरीक्षक बलवा ड्रिल की रिहर्सल में भी शामिल हुए। इस ड्रिल में एक दुर्घटना के बाद स्थिति बिगड़ने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई थी। रिहर्सल के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा आगजनी की स्थिति निर्मित की गई, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी से नियंत्रित करने का अभ्यास किया। वाहनों के सायरन और माइलेज की जानकारी ली आईजी सक्सेना ने पुलिस वाहनों का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों में मौजूद आवश्यक उपकरणों, सायरन की स्थिति, टायरों की हालत, माइलेज और अब तक चली दूरी के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस सम्मेलन में सुनीं समस्याएं निरीक्षण के बाद आईजी ने पुलिस बैंड का जायजा लिया और दल को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस सम्मेलन में भी भाग लिया, जहां सभी थाना प्रभारियों, उपनिरीक्षकों और पुलिस जवानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जवानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए निर्देश दिए। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *