छतरपुर जिले की चंदला विधानसभा क्षेत्र के धावा तिगेला में एक किसान के खेत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे खड़ी फसल को नुकसान होने का खतरा बढ़ गया। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री दिलीप अहिरवार को एक महिला ने मदद के लिए आवाज लगाई। महिला की गुहार सुनते ही मंत्री दिलीप अहिरवार ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और घटनास्थल पर पहुंच गए। मंत्री ने मौके पर पहुंचकर स्वयं आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी इसमें सहयोग किया। तीन तस्वीरों में देखिए मंत्री ने आग बुझाई… सामूहिक प्रयास से आग पर काबू मंत्री और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे खड़ी फसल को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि मंत्री सरवई में आयोजित रामनवमी शोभायात्रा से चंदला लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह घटना सामने आई। मंत्री ने पीड़ित महिला को फसल नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में मंत्री के इस कदम की सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इसे जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता बताया। .