त्योहार हो फिर शादी जैसे फंक्शन अगर हाथों में लगी मेहंदी का रंग फीका रह जाए तो सारा मजा किरकिरा हो जाता है. हालांकि ये बहुत जरा सी बात है, लेकिन लड़कियों को छोटी-छोटी चीजें ही खुश करती हैं. अगर आप भी ऐसी लड़कियों में शामिल हैं, तो यहां अपनी मेहंदी को चटक लाल करने के उपायों को जान लें.
गहरी और खूबसूरत मेहंदी का रंग पाने के लिए सही तरीका अपनाना बहुत जरूरी है. सबसे पहले अच्छी क्वालिटी की मेहंदी चुनें. ताजी और हरे रंग की झलक वाली बारीक पिसी मेहंदी सबसे बेहतर होती है. पहले से बने कोन या खराब क्वालिटी की मेहंदी से बचें, क्योंकि इनमें केमिकल हो सकते हैं, जो रंग हल्का कर देते हैं या स्किन को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
हाथों पर मेहंदी का रंग गहरा करने के उपाय
मेहंदी लगाने से पहले हाथ-पैर अच्छी तरह साफ करें. साबुन से धोकर सारी गंदगी, तेल या लोशन हटा लें. हल्का स्क्रब करने से डेड स्किन निकल जाती है और मेहंदी का रंग बेहतर आता है.
मेहंदी लगाते समय इसे बराबर और थोड़ी मोटी परत में लगाएं. पहले हल्की परत लगाकर सूखने दें, फिर दूसरी मोटी परत लगाएं. इससे रंग गहरा चढ़ता है. आप मेहंदी के पेस्ट में नीलगिरी का तेल या नींबू का रस भी मिला सकते हैं, इससे रंग और डार्क होता है.
मेहंदी लगाने के बाद इसे नेचुरल तरीके से सूखने दें. हेयर ड्रायर या पंखे का इस्तेमाल न करना बेहतर है, इससे मेहंदी जल्दी सूखकर झड़ सकती है. रंग गहरा करने के लिए सूखी मेहंदी पर नींबू और चीनी का मिश्रण लगाएं. इसे कुछ घंटों या रातभर के लिए छोड़ दें.
जब मेहंदी सूख जाए, तो इसे हल्के हाथ से खुरचकर हटाएं. तुरंत पानी से हाथ न धोएं. सरसों या नारियल तेल लगाने से रंग और गहरा होता है. लौंग का धुआं भी मेहंदी का रंग बढ़ाने में मदद करता है. कोशिश करें कि मेहंदी हटाने के बाद कम से कम 24 घंटे तक पानी से बचें.
मेहंदी को लंबे समय तक टिकाने के लिए रोज नारियल या बादाम तेल से मॉइस्चराइज करें. ज्यादा साबुन या स्क्रब का इस्तेमाल न करें और घर के काम करते समय हाथों को पानी से बचाएं.
आखिरी में यदि ऊपर बताए उपायों से भी आपके मन मुताबिक मेहंदी का रंग गाढ़ा न हो तो पनवाड़ी के पास से थोड़ा चुना खरीद कर लाएं और इसे मेहंदी के डिजाइन पर अच्छी तरह से खिस दें. ये ट्रिक कभी भी फेल नहीं होता है.
इन बातों का जरूर ध्यान रखें
मेहंदी लगाने से पहले हाथों पर साबुन या लोशन न लगाएं. मेहंदी लगाने के बाद 6-8 घंटे तक पानी से दूर रहें. सूखी मेहंदी को नोचें या खरोंचें नहीं और क्लोरीन वाले पानी से बचें. सही देखभाल से आपकी मेहंदी का रंग गहरा और लंबे समय तक खूबसूरत बना रहेगा.
.