Last Updated:
Rewa News: राधिका मिश्रा ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि उनकी पहली किताब 30 शेड्स ऑफ पचमढ़ी है. यह पचमढ़ी के इतिहास पर बेस्ड है. दरअसल कुछ साल पहले वह घूमने के लिए पचमढ़ी गई थीं. वहां से लौटने के बाद उन्होंने पचमढ़ी के बारे में पढ़ना शुरू किया और इसे डायरी में लिखना शुरू किया.
रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले में टैलेंट की कोई कमी नहीं है. यहां पर कई ऐसी प्रतिभाएं हैं, जो आज भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपना और अपने जिले का नाम रोशन कर रही हैं. लोकल 18 आज आपको रीवा की एक ऐसी ही होनहार बेटी राधिका मिश्रा के बारे में बताने जा रहा है, जिसने महज 13 साल की उम्र में ही वह करके दिखा दिया, जिसे करने में अच्छे-अच्छों को दशकों का समय लग जाता है. राधिका की उम्र भले ही कम हो लेकिन सोच और सपने बड़े हैं. किताब लिखना आसान नहीं है लेकिन 13 साल की राधिका ने छोटी सी उम्र में एक नहीं बल्कि तीन ई-बुक लिखकर अपने सपनों को नई उड़ान दी है. जिसे करने में लोगों को कइयों साल लग जाते हैं, उसे राधिका ने इस उम्र में अपनी कल्पना शक्ति से सच कर दिखाया है.
पचमढ़ी के इतिहास पर आधारित
राधिका ने लोकल 18 को बताया कि उनकी पहली बुक 30 शेड्स ऑफ पचमढ़ी है. यह पचमढ़ी के इतिहास पर आधारित है. दरअसल कुछ साल पहले वह पचमढ़ी घूमने गई थीं. वहां से लौटकर आने के बाद उन्होंने पचमढ़ी के बारे में अध्ययन शुरू करते हुए डायरी में लिखना शुरू किया. शुरू में उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा लेकिन बाद में उनकी पहली किताब कुछ महीनों में पिछले वर्ष ही पूरी हो गई थी.
लड़कियों के संघर्ष की कहानी
राधिका ने बताया कि उनकी दूसरी ई-बुक फ्रैक्चर्ड डेज़ लड़कियों के बारे में है, जो उनके संघर्ष की कहानी को दर्शाती है. इसमें वो लड़कियां हैं, जो उड़ना तो चाहती हैं मगर उनके पंख किसी ने काट दिए हैं. राधिका ने हाल ही में लिखी अपनी तीसरी ई-बुक द ऐशेड मैन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह किताब एक प्रेमी और उसके अधूरे प्रेम पर आधारित है, जो कविताओं से भरी है. यह तीनों ई-बुक ऑनलाइन अमेजन किंडल पर उपलब्ध हैं.
चार्टेड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं राधिका
राधिका ने कहा, ‘मैं अपने विचारों को लोगों के बीच रखना चाहती थी, इसलिए इसे ई-बुक के जरिए शेयर भी किया. पढ़ाई करने के साथ ही देर रात ई-बुक को लिखने में अपना समय देती थी. मेरे घर पर 80 से ज्यादा किताबें मौजूद हैं, जिन्हें मैं पढ़ती हूं और किताबों से मुझे बेहद प्यार है. शुरुआत में तो मुझे माता-पिता से काफी डांट पड़ी लेकिन अब दोनों ही मेरा काफी सपोर्ट करते हैं.’ राधिका ने पढ़ाई पूरी करने के बाद चार्टेड अकाउंटेंट बनने की इच्छा जाहिर की है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.