बिना तेल के बनाएं फूली-फूली और नरम पूड़ी, स्वाद में जबरदस्त, सेहत भी रहेगी फिट

Last Updated:

Oil Free Poori Making Tips: क्या आप भी वजन बढ़ने या हाई कोलेस्ट्रॉल के डर से अपनी पसंदीदा पूड़ी खाने की इच्छा को मार देते हैं. तो अब आप अपनी डाइट की फिक्र छोड़ दीजिए, क्योंकि हम आपको एक ऐसा तरीका बताएंगे जिसमें बिना एक बूंद तेल के भी हेल्दी पूरी बन सकती है. आइए जानते है आखिर क्या है वो तरीका.

त्योहार हो या छुट्टी का दिन, घर में पूड़ी बनते ही सबका मन खुश हो जाता है. लेकिन कई लोग केवल ज्यादा तेल और कैलोरी के डर से इसे खाने से कतराते हैं. अगर आप भी यही सोचकर पूड़ी से दूरी बनाते हैं, तो अब टेंशन छोड़ दीजिए. हम आपको पूड़ी पकाने का खास तरीका बताएंगे जिसमें तेल की एक बूंद भी इस्तेमाल नहीं होगी, फिर भी स्वाद और मजा पूरा मिलेगा. इसके साथ ही इस तरीके से बनी पूड़ी बहुत हल्की होती है और पचाने में भी आसान रहती है.

आजकल किचन में खाना बनाने को लेकर कई नए तरीके सामने आ रहे हैं, इन्हीं में से एक तरीका है बिना तेल की पूड़ी बनाना. इसमें पूड़ी को तेल में तलने के बजाय पानी और एयर फ्रायर या तवे की मदद से बनाया जाता है. खास बात यह है कि इस तरीके से बनी पूड़ी बहुत हल्की होती है और खाने में भी काफी स्वादिष्ट लगती है.

बिना तेल की पूड़ी बनाने के लिए सबसे पहले एक कप गेहूं का आटा लें. इसमें स्वाद के अनुसार चुटकी भर नमक डालें और दो चम्मच ताजा दही मिला दें. उसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटे को गूंथ लें. ध्यान रखें कि पूड़ी का आटा बहुत ज्यादा मुलायम नहीं होना चाहिए, इसे थोड़ा सख्त ही रखें. दही मिलाने से पूड़ी को प्राकृतिक नमी मिलती है, जिससे वह बाद में नरम और फूली-फूली बनने में मदद करती है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

जब आटा अच्छे से सेट हो जाए, तो उसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें. अब चकला-बेलन की मदद से गोल-गोल पूड़ियां बेल लें. कोशिश करें कि पूड़ी बहुत ज्यादा पतली न हो, वरना वह पानी में फट सकती है या ठीक से फूल नहीं पाएगी. पकाने से पहले सभी पूड़ियां बेलकर एक साथ तैयार कर लें, ताकि बाद में आपको जल्दी-जल्दी काम करने में आसानी रहे.

अब गैस पर एक कड़ाही या चौड़े मुंह वाला बर्तन रखें और उसमें पर्याप्त पानी उबालने के लिए रख दें. जब पानी में अच्छे से उबाल आ जाए, तब सावधानी से एक-एक करके बेल कर रखी गई पूड़ियां इसमें डालें. कुछ ही देर में पूड़ी पानी में पककर ऊपर सतह पर तैरने लगेगी. जब पूड़ी ऊपर आ जाए, तो समझ लें कि वह पक गई है. अब इसे चिमटे या झारे की मदद से सावधानी से पानी से निकालकर अलग रख लें.

पानी से निकालने के बाद पूड़ी को हल्की स्टीम देना बहुत जरूरी होता है. इसके लिए कड़ाही के ऊपर एक बारीक छेद वाली छलनी रखें और उस पर उबली हुई पूड़ियां रख दें. कुछ देर तक भाप लगने दें, जिससे पूड़ी अंदर तक अच्छी तरह पक जाती है. यह स्टेप पूड़ी को बाद में सही आकार में फूलने के लिए तैयार करता है और उसे कच्चा नहीं रहने देता.

अब इसे फुलाने इसके लिए एयर फ्रायर को करीब 180°C पर प्री-हीट कर लें. फिर पूड़ियों को बास्केट में रखें और लगभग 4-5 मिनट तक बेक करें. थोड़ी ही देर में पूड़ियां हल्की-फुल्की और सुनहरी होकर फूल जाएंगी. देखने और खाने में ये बिल्कुल वैसी ही लगती हैं जैसे इन्हें तेल में तला गया हो.

अगर आपके पास एयर फ्रायर नहीं है, तो भी आप बिना तेल की पूड़ी का आनंद ले सकते हैं. इसके लिए बस तवा गर्म करें और उस पर उबली हुई पूड़ी रखें. ऊपर से एक ढक्कन लगाकर 20-30 सेकंड तक भाप में सिकने दें. बीच-बीच में सूती कपड़े या स्पैटुला से हल्का दबाते रहें. थोड़ी देर में पूड़ी फूलने लगेगी. अब आप इन हेल्दी पूड़ियों को आलू की रसेदार सब्जी या तीखी चटनी के साथ बिना किसी गिल्ट के आराम से खा सकते हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *