21 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
घर देखने में चाहे जितना भी साफ-सुथरा लगे, लेकिन कभी-कभी एक हल्की-सी बदबू बनी रहती है, जो हमें खुद महसूस नहीं होती है, लेकिन बाहर से आने वाले लोग जरूर नोटिस करते हैं। ये बदबू हमारे लिए शर्मिंदगी का कारण बन जाती हैं।
अक्सर हम सोचते हैं कि घर में बदबू आने की वजह खाना पकाना, नमी या पालतू जानवर हैं, लेकिन प्रोफेशनल क्लीनर्स के मुताबिक असली वजह हमारी कुछ रोज की आदतें होती हैं, जिन्हें हम सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं।
इन आदतों और गलतियों से छुटकारा पाकर हम अपने घर को फ्रेश और खुशबूदार बना सकते हैं। ऐसे में आज हम जीवन को आसान बनाएं कॉलम में जानेंगे कि-
- ऐसी कौन-सी डेली हैबिट्स हैं, जिनसे घर में बदबू फैलती है?
- इन आदतों और गलतियों कैसे बचा जाए?
- ऐसा क्या करें कि घर खुशबूदार बना रहे?
सवाल- हमारी कौन-सी आदतें हैं, जो घर में बदबू की वजह बनती हैं?
जवाब- हमारी कई सारी खराब आदतें घर में दुर्गंध फैलने की वजह हैं। आइए इन्हें ग्राफिक के जरिए समझते हैं।

आइए ग्राफिक के कुछ पॉइंट्स को विस्तार से समझते हैं
खाना बनाते समय वेंटिलेशन न रखना बिना वेंटिलेशन के खाना बनाना घर में लंबे समय तक तेल और मसाले की गंध बनाए रखता है, जो दीवारों और पर्दों में भी बस जाती है।
क्या करें: खिड़कियां खोलें या एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करें। बजट हो तो रसोई में चिमनी लगवाएं।
गंदे बर्तन देर तक सिंक में छोड़ना खाने के बाद बर्तनों को साफ न करना बैक्टीरिया को न्योता देता है। इससे न सिर्फ किचन में गंध आती है, बल्कि कीड़े-मकोड़े भी आकर्षित होते हैं।
क्या करें: खाने के तुरंत बाद बर्तन धोने की आदत डालें।
सिंक और ड्रेनेज की सफाई न करना किचन सिंक, बाथरूम ड्रेन और वॉशबेसिन में जमी गंदगी धीरे-धीरे बदबू देने लगती है। ये बदबू बहुत तेजी से फैल सकती है।
क्या करें: हफ्ते में एक बार सफाई करें। नींबू, बेकिंग सोडा या क्लीनर का उपयोग करें।
सवाल- घर में वेंटिलेशन क्यों जरूरी है और इसे कैसे बेहतर बनाया जा सकता है?
जवाब- खिड़कियां और दरवाजे हमेशा बंद रहते हैं तो घर के अंदर नमी और बदबू जमा हो जाती है, जिससे बैक्टीरिया और फफूंद भी पनपने लगते हैं।
सही वेंटिलेशन से हवा का लगातार आदान-प्रदान होता है, जिससे वातावरण ताजा रहता है और बदबू टिकती है। इसलिए कुछ घंटे खिड़कियां खोलें, रसोई और बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन लगाएं।
सवाल- घर की अलमारी और शू-रैक से आने वाली बदबू को कैसे दूर करें?
जवाब- बदबू बचने के लिए इन्हें समय-समय पर खोलकर हवा लगने दें। जूतों को धूप में रखकर सुखाएं और अलमारी में नमी सोखने के लिए बेकिंग सोडा, कपूर या सिलिका जेल के पाउच रख सकते हैं। गंदे या पसीने वाले जूते कभी भी बंद करके न रखें।
सवाल- घर में बैड स्मेल के लिए जिम्मेदार गलत आदतों से कैसे बचा जाए?
जवाब- कई बार हम ऐसी छोटी-छोटी गलतियां करते हैं, जिन्हें हमारा दिमाग गलतियां मानता ही नहीं है। इसकी मुख्य वजह यह है कि हमने लंबे समय से अपने ब्रेन को इन्हीं गलतियों के साथ ट्रेन किया हुआ है।
ऐसे में हमें कुछ जरूरी और छोटी-मोटी बातों का ख्याल रखने की जरूरत है। आइए इन जरूरी बातों को ग्राफिक्स के जरिए समझते हैं।

आइए ग्राफिक्स को विस्तार से समझते हैं।
पसीने वाले कपड़े या मोजे लॉन्ड्री बकेट में न डालें कसरत या दौड़-भाग के बाद पहने गए कपड़े और मोजे पसीने से पूरी तरह भीग जाते हैं। अगर इन्हें सीधे लॉन्ड्री टोकरी में डाल दिया जाए तो ये बाकी कपड़ों में भी गंध फैला सकते हैं और फफूंद का कारण बन सकते हैं।
क्या करें: इन्हें अलग टांग दें या तुरंत धुलें। समय न हो तो धूप में डाल दें।
नमी वाली जगह पर खास ध्यान दें वॉशिंग मशीन के पीछे, टॉयलेट सीट के आसपास या अलमारी के कोनों में अक्सर नमी जमा हो जाती है, जिससे फफूंदी और बदबू फैल सकती है।
क्या करें: इन जगहों पर समय-समय पर व्हाइट विनेगर या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें।
कालीन और दरी समय-समय पर धुलें कार्पेट और दरियां गंध और धूल सोख लेती हैं, खासकर अगर उन पर पालतू जानवर चलते हैं या बच्चे खेलते हैं।
क्या करें: हर 15 दिन में इन्हें वैक्यूम करें और हर दो-तीन महीने में धूप में रखें या धो लें।
स्नीकर्स और कैजुअल शू को बंद करके न रखें जिन जूतों को आप रोज पहनते हैं, जैसे स्नीकर्स या स्पोर्ट्स शू, वे पसीना सोखते हैं और अलमारी में रखने पर गंध फैलाते हैं। इसलिए पहनने के बाद धूप शू रैक में रखने से पहले थोड़ी देर धूप में रखें।
क्या करें: इन्हें समय-समय पर धूप में रखें।
सवाल- ऐसा क्या करें कि घर खुशबूदार बना रहे?
जवाब- घर को खुशबूदार बनाने के लिए कई सारे घरेलू नुस्खे मौजूद हैं। इन नुस्खों को अपनाकर हम अपने घर को खुशबूदार बना सकते हैं। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं।

सवाल- क्या सिर्फ एयर फ्रेशनर से बदबू दूर हो सकती है?
जवाब- सिर्फ एयर फ्रेशनर का इस्तेमाल करना अस्थायी उपाय है। यह बदबू को ढक तो देता है, लेकिन असली वजह खत्म नहीं करता है। अगर बदबू का कारण गीले कपड़े, गंदे बर्तन या फफूंद है, तो एयर फ्रेशनर कुछ देर के लिए राहत देगा, लेकिन बदबू बार-बार लौट आएगी।
इसलिए जरूरी है कि पहले बदबू के स्रोत को साफ करें और उसके बाद जरूरत पड़ने पर हल्के एयर फ्रेशनर, एसेंशियल ऑयल या पोटपुरी जैसे नेचुरल विकल्पों का इस्तेमाल करें।
……
यूटिलिटी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें
जीवन को आसान बनाएं- हार्ड वाटर स्टेन्स से पाएं छुटकारा: बाथरूम की फर्श, नल और बाल्टी से छुड़ाएं पानी के दाग, 6 आसान घरेलू टिप्स

हर रोज इस्तेमाल होने वाला बाथरूम साफ-सुथरा दिखे, यह हम सबकी चाहत होती है। लेकिन अक्सर हार्ड वाटर यानी कठोर पानी के कारण बाल्टी, फर्श और नलों पर सफेद रंग के जिद्दी दाग जम जाते हैं। पूरी खबर पढ़ें
.