Multigrain Methi Thepla : सुबह का समय अक्सर सबसे ज़्यादा भागदौड़ वाला होता है. एक तरफ घर के काम रहते हैं, दूसरी ओर दफ्तर या बच्चों के स्कूल की तैयारी भी करनी होती है. ऐसे में हर किसी की कोशिश यही रहती है कि नाश्ते में कुछ ऐसा बनाया जाए जो पेट भरने वाला भी हो, स्वाद में भी अच्छा लगे और बन भी जल्दी जाए. रोज़-रोज़ एक जैसी चीज़ें खाते- खाते मन भी परेशान हो जाता है, इसलिए लोग नाश्ते में बदलाव चाहते हैं. इसी वजह से आजकल मल्टीग्रेन विकल्प काफी पसंद किए जा रहे हैं, क्योंकि ये शरीर को अलग-अलग अनाज के ज़रूरी पोषक तत्व भी देते हैं और दिनभर ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं. इन्हीं विकल्पों में से एक है मल्टीग्रेन मेथी थेपला. थेपला गुजरात का बेहद लोकप्रिय और हल्का भोजन माना जाता है. इसे बनाना आसान होता है, यह जल्दी तैयार हो जाता है और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है. खास बात यह है कि यह तला हुआ भोजन नहीं होता, इसलिए सुबह के लिए बिल्कुल सही रहता है. गेहूं, बाजरा, रागी और ज्वार जैसे अनाज मिलकर इसे न सिर्फ हेल्दी बनाते हैं, बल्कि इसका हल्का-सा नट जैसा स्वाद इसे और भी खास बनाता है.
मेथी की खुशबू और हल्की-सी कड़वाहट इस थेपले को और भी मज़ेदार बना देती है. मेथी पाचन के लिए अच्छी मानी जाती है और ठंड के मौसम में यह शरीर को गरमाहट भी देती है. इसलिए यह थेपला हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है. चाहे आप इसे दही के साथ खाएं, अचार के साथ खाएं या रोल बनाकर साथ ले जाएं हर रूप में ये लाजवाब लगता है. अगर आप सुबह जल्दी में रहते हैं और फिर भी कुछ पोषक और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल सही है.
मल्टीग्रेन मेथी थेपला बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री
– गेहूं का आटा – एक कप
– बाजरे का आटा – एक कप
– रागी का आटा – एक कप
– बेसन – दो से तीन चम्मच
– मेथी के पत्ते – आधा कप (बारीक कटे हुए)
– दही – दो बड़े चम्मच
– हल्दी – आधा चम्मच
– लाल मिर्च पाउडर – आधा चम्मच
– अदरक- लहसुन पेस्ट – एक चम्मच
– नमक – स्वाद के अनुसार
– तेल – पकाने के लिए
– पानी – ज़रूरत के अनुसार
मल्टीग्रेन मेथी थेपला बनाने का तरीका
1. आटा तैयार करना
सबसे पहले एक बड़े बाउल में गेहूं, बाजरा, रागी और ज्वार का आटा डालें. अब इसमें बेसन मिलाएं ताकि थेपले में हल्की- सी नरमी और बढ़िया टेक्सचर आए. इसके बाद इस मिश्रण में मेथी के पत्ते डालें. मेथी जितनी ताज़ी होगी, थेपला उतना अच्छा बनेगा.
2. सभी मसाले मिलाएं
अब बाउल में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, नमक, अदरक- लहसुन पेस्ट और थोड़ा सा तेल डालें. तेल डालने से थेपला मुलायम बनता है और जल्दी सूखता नहीं है. सबको अच्छी तरह मिलाएं.
3. आटा गूंथना
अब इसमें दही डालें. दही से हल्की खटास आने के साथ-साथ थेपला और भी नरम बनता है. धीरे- धीरे पानी डालते जाएं और आटा गूंथ लें. आटे को बहुत सख्त न रखें और न ही ज़्यादा ढीला. इसे एकदम मध्यम मुलायम बनाएं. गूंथकर इसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
4. लोई बनाना और बेलना
अब आटे की छोटी- छोटी लोई काटें और उन्हें गोल आकार में बेलें. बेलते समय हल्का सूखा आटा लगा सकते हैं ताकि लोई तवे पर चिपके नहीं. थेपला बहुत मोटा न बेलें, नहीं तो अंदर से कच्चा रह जाएगा. हल्का पतला रहे तो जल्दी सिक जाता है.
5. सेकना
तवा गरम करें और उस पर थोड़ा सा तेल फैला दें. अब एक- एक करके थेपले तवे पर डालें. दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें. जैसे ही हल्के- से भूरे धब्बे दिखाई दें, थेपला तैयार है. चाहें तो इसे थोड़ा तेल लगाकर और क्रिस्पी भी बना सकते हैं.
6. परोसें
गरम-गरम थेपला दही, चटनी, अचार या मक्खन के साथ बहुत लाजवाब लगता है. चाहे घर में खाएं या सफर पर साथ लेकर जाएं ये लंबे समय तक ताज़ा रहता है.
.