Last Updated:
Mini Herb Garden Tips: सुबह की चाय के साथ अगर ताजी पुदीना पत्ती मिल जाए या दाल में खुद उगाया हुआ हरा धनिया डालने को मिल जाए, तो बात ही कुछ और हो जाती है, लेकिन अक्सर लोग सोचते हैं कि इसके लिए बड़ा गार्डन चाहिए, जो हर किसी के पास नहीं होता. सच यह है कि थोड़ी सी समझदारी और सही तरीके से आप अपने छोटे से घर, बालकनी या खिड़की पर ही एक मिनी हर्ब गार्डन तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे आप भी कम जगह में बड़ा फायदा उठा सकते हैं.
कहां और कैसे शुरू करें हर्ब गार्डन -घर में हर्ब गार्डन बनाने का पहला कदम है सही जगह चुनना. ज्यादातर हर्ब्स को रोजाना कम से कम 5-6 घंटे धूप चाहिए होती है, अगर आपके पास बालकनी है तो यह सबसे बेहतर जगह है.
-जिन घरों में जगह कम है, वे खिड़की के पास छोटे गमले या हैंगिंग पॉट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. आजकल इनडोर ग्रो लाइट्स भी आसानी से मिल जाती हैं, जो बिना धूप के भी पौधों को बढ़ने में मदद करती हैं. -छोटे गमलों में भी हर्ब्स अच्छी तरह उग जाते हैं, इसलिए जगह की कमी अब कोई बहाना नहीं रही.
क्या-क्या उगाएं: आसान और काम के हर्ब्स -रोजमर्रा में काम आने वाले पौधे अगर आप शुरुआत कर रहे हैं तो ऐसे हर्ब्स चुनें जो जल्दी उगते हैं और ज्यादा देखभाल नहीं मांगते. -तुलसी, पुदीना, धनिया, मेथी, अजवाइन और सौंफ जैसे पौधे घर में आसानी से उगाए जा सकते हैं. इसके अलावा रोजमेरी और मेहंदी भी अच्छे विकल्प हैं. -इनकी खास बात यह है कि ये सिर्फ सजावट के लिए नहीं, बल्कि आपकी किचन में रोज इस्तेमाल होते हैं. चटनी, सलाद, सब्जी या चाय हर जगह इनका स्वाद अलग ही मजा देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मिट्टी और कंटेनर का सही चुनाव हर्ब्स के लिए सबसे जरूरी है ऐसी मिट्टी जो पानी को रोककर ना रखे, अगर पानी जमा हो गया तो पौधे जल्दी खराब हो सकते हैं. इसलिए गमले के नीचे ड्रेनेज होल होना बहुत जरूरी है. आप चाहें तो पुराने डिब्बे, प्लास्टिक की बोतल या लकड़ी के बॉक्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रखें कि कंटेनर की गहराई कम से कम 6-8 इंच हो, ताकि जड़ें फैल सकें और पौधा स्वस्थ रहे.
जैविक खाद: सेहतमंद पौधों का राज घर की बनी खाद का इस्तेमाल आजकल लोग केमिकल फर्टिलाइजर से बचना चाहते हैं, और हर्ब गार्डन के लिए जैविक खाद सबसे बेहतर विकल्प है. आप घर पर ही गोबर, किचन वेस्ट और नीम की खली से खाद तैयार कर सकते हैं. नीम की खली में कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो पौधों की ग्रोथ को बढ़ाते हैं. इससे मिट्टी भी लंबे समय तक उपजाऊ बनी रहती है.
नीम का तेल: प्राकृतिक सुरक्षा कवच पौधों में कीड़े लगना एक आम समस्या है, लेकिन इसका हल भी आसान है. हर 15-20 दिन में एक बार नीम के तेल का स्प्रे करने से कीड़े और फंगस दोनों से बचाव होता है. यह एक सस्ता और असरदार तरीका है, जिससे आपके पौधे लंबे समय तक स्वस्थ रहते हैं.
देखभाल के छोटे टिप्स, बड़ा असर -रोजाना ध्यान देने वाली बातें हर्ब गार्डन को ज्यादा समय नहीं चाहिए, लेकिन थोड़ी नियमित देखभाल जरूरी है. -सूखी और पीली पत्तियों को समय-समय पर हटाते रहें. हफ्ते में एक बार मिट्टी को हल्का ढीला करें, ताकि जड़ों तक हवा पहुंच सके. -बरसात के मौसम में गमलों को ज्यादा पानी से बचाना भी जरूरी है, नहीं तो पौधे खराब हो सकते हैं. -अगर सही देखभाल की जाए, तो ये हर्ब्स महीनों तक ताजे बने रहते हैं और आपके खाने का स्वाद बढ़ाते रहते हैं.
.