मैहर में प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा, पुतला दहन की आग में झुलसे यातायात थाना प्रभारी, अस्पताल में भर्ती

नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिला मैहर के अलाउद्दीन तिराहा पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति आवेदन दिए जाने के बाद आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात यातायात थाना प्रभारी विक्रम पाठक आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दरअसल प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन करते समय आग अचानक भड़क उठी और पास खड़े पुलिस अधिकारी उसकी चपेट में आ गए। इससे आग उनके दाईं ओर वर्दी में पकड़ चुकी थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग पर काबू पाया और घायल अधिकारी को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक विक्रम पाठक बुरी तरह से झुलस चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित था शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन

जिला कांग्रेस कमेटी मैहर के अध्यक्ष धर्मेश घई द्वारा अनुविभागीय अधिकारी को आवेदन देकर 20 फरवरी को अलाउद्दीन तिराहा पर विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी गई थी।

प्रस्तावित प्रदर्शन में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के प्रभाव, किसानों एवं छोटे व्यापारियों के हित, जहरीले कफ सीरप से बच्चों की मौत तथा दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की बात कही गई थी। आवेदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य नेताओं के प्रतीकात्मक पुतले दहन का उल्लेख भी किया गया था।

यह भी पढ़ें- BJP नेता ने PM, विधानसभा अध्यक्ष का नाम लेकर अधिकारी को दी धमकी, बोले- जांच में पता चलेगा कितने नोट छापे हैं

सार्वजनिक प्रदर्शनों में पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग अत्यंत खतरनाक है और इससे आमजन एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की जान को जोखिम होता है। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अवधेश प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक मैहर।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *