शिवपुरी में वृहद स्वास्थ्य शिविर का समापन: महानार्यमन सिंधिया बोले- यह शिविर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण – Shivpuri News


जिला प्रशासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन और रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर का मंगलवार को शिवपुरी के सीएम राइज स्कूल में भव्य समापन हुआ। इस शिविर में हजारों मरीजों को निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिली। समापन समारोह में मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महानार्यमन सिंधिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक महेंद्र यादव, विधायक प्रीतम लोधी, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी और एसपी अमन सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, आशा कार्यकर्ता, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी इसमें भाग लिया। प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस अवसर पर कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। सहयोगियों को सम्मानित किया
मुख्य अतिथि महानार्यमन सिंधिया ने इस शिविर को जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से एक ही स्थान पर व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। सिंधिया ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों के टीमवर्क की प्रशंसा की। शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और अन्य सहयोगियों को इस दौरान सम्मानित भी किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर 17 से 24 मार्च तक आयोजित किया गया था। इस पहल ने जिले में जन-स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिला। देखिए तस्वीरें… .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *