MP में LPG सिलेंडर हुआ महंगा, भोपाल में अब 918, इंदौर में 941 रुपये में मिलेगा

Last Updated:

मध्य प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है. केंद्र सरकार के फैसले के बाद 7 मार्च से नए रेट लागू हो गए हैं. अब भोपाल में गैस सिलेंडर 918 रुपये और इंदौर में 941 रुपये में मिलेगा. ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत अन्य शहरों में भी कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ सकता है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

एमपी में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं.

ग्‍वालियर. मध्य प्रदेश में रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है. केंद्र सरकार द्वारा घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब प्रदेश के शहरों में नए रेट लागू हो गए हैं. बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से प्रभावी हो गई हैं. इसके साथ ही आम लोगों के मासिक घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. प्रदेश के अलग-अलग शहरों में एलपीजी सिलेंडर के दाम अलग-अलग तय होते हैं. तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमत, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, टैक्स और परिवहन लागत को ध्यान में रखते हुए हर महीने कीमतें तय करती हैं. इसी प्रक्रिया के तहत इस बार घरेलू सिलेंडर के दाम में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये तक का इजाफा हुआ है.

नई कीमतों के बाद मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट बढ़ गए हैं. राजधानी भोपाल में अब गैस सिलेंडर 918 रुपये में मिलेगा, जबकि इंदौर में इसकी कीमत 941 रुपये पहुंच गई है. इसी तरह ग्वालियर में गैस सिलेंडर की कीमत 996 रुपये हो गई है. जबलपुर में उपभोक्ताओं को अब 919 रुपये चुकाने होंगे. धार्मिक नगरी उज्जैन में सिलेंडर की कीमत 972 रुपये तक पहुंच गई है. वहीं प्रदेश में सबसे महंगी घरेलू गैस नर्मदापुरम में बताई जा रही है, जहां एक सिलेंडर की कीमत 1035 रुपये हो गई है.

शहर पुरानी कीमत (रुपये) नई कीमत (रुपये)
भोपाल 858 918
इंदौर 881 941
ग्वालियर 936 996
जबलपुर 859 919
उज्जैन 912 972

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर भी हुआ महंगा
घरेलू गैस के साथ-साथ कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी बढ़ोतरी की गई है. 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में करीब 115 रुपये का इजाफा किया गया है. इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ सकती है. इससे पहले 1 मार्च 2026 को भी कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम करीब 31 रुपये तक बढ़ाए गए थे. लगातार हो रही बढ़ोतरी से व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

मिडिल ईस्ट तनाव का असर
गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है, जब मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को लेकर ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी और क्रूड ऑयल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू गैस की कीमतों पर पड़ता है. अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है. इसी वजह से भारत सरकार ने एहतियात के तौर पर उत्पादन बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं.

शहर पुराना LPG रेट (₹) बढ़ा हुआ LPG रेट (₹) बढ़ोतरी (₹)
सागर 892 952 60
रीवा 905 965 60
सतना 907 967 60
रतलाम 899 959 60
देवास 888 948 60
खंडवा 901 961 60
बुरहानपुर 903 963 60
छिंदवाड़ा 895 955 60
शिवपुरी 910 970 60
मुरैना 915 975 60
सीधी 918 978 60
टीकमगढ़ 920 980 60

LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश
केंद्र सरकार ने 5 मार्च को आपात शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए देश की सभी तेल रिफाइनरी कंपनियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया है. आदेश के मुताबिक अब रिफाइनरियां प्रोपेन और ब्यूटेन का इस्तेमाल मुख्य रूप से रसोई गैस बनाने के लिए करेंगी. साथ ही इन गैसों की सप्लाई सरकारी तेल कंपनियों को प्राथमिकता से दी जाएगी. इनमें इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम जैसी कंपनियां शामिल हैं. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में गैस सिलेंडर की सप्लाई में किसी प्रकार की कमी न आए.

कैसे तय होती है LPG की कीमत
एलपीजी सिलेंडर की कीमत हर महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति के आधार पर तय की जाती है. तेल कंपनियां पिछले महीने की वैश्विक कीमतों, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, परिवहन लागत और टैक्स को ध्यान में रखकर बेस प्राइस तय करती हैं. इसके बाद डीलर कमीशन और अन्य खर्च जोड़कर खुदरा कीमत तय की जाती है. सब्सिडी वाले सिलेंडर में सरकार कुछ हिस्सा वहन करती है, जबकि गैर सब्सिडी वाले सिलेंडर की पूरी कीमत उपभोक्ताओं को चुकानी पड़ती है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *