दमोह के मोरगंज गल्ला मंडी स्थित श्रीराम मंदिर में चैत्र नवरात्रि के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार रात हनुमानगढ़ी मंदिर से भगवान श्रीराम की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गल्ला मंडी पहुंची। श्री राम उत्सव समिति हर साल हिंदू नव वर्ष से पहले प्रभु श्रीराम की प्रतिमा स्थापित करने की परंपरा निभाती है। इस वर्ष भी प्रतिमा की विधिवत स्थापना के लिए यह आयोजन किया गया। यह शहर का इकलौता ऐसा कार्यक्रम माना जाता है जहां चैत्र नवरात्रि से पहले ही प्रभु श्रीराम की प्रतिमा स्थापित की जाती है। अखाड़े के करतब रहे आकर्षण का केंद्र हनुमानगढ़ी मंदिर से शुरू हुई इस शोभायात्रा में छोटे बच्चों ने अखाड़े के हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के प्रमुख चौराहों पर फूल बरसाकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। नौ दिनों तक चलेगी विशेष पूजा नवरात्रि के दौरान पूरे नौ दिनों तक भगवान श्रीराम की विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। समिति को उम्मीद है कि इस धार्मिक अनुष्ठान में शहर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेंगे। .