Last Updated:
नीमच शहर के व्यस्ततम इलाके में दिनदहाड़े हुई 12 लाख रुपए मूल्य के 65 ग्राम सोने की कथित चोरी ने पूरे शहर को चौंका दिया. लेकिन कुछ ही घंटों में पुलिस ने जिस तेजी और रणनीति से इस ‘फिल्मी’ वारदात का पर्दाफाश किया. वह खुद एक मिसाल बन गई.
दिनदहाड़े सोने की हुई चोरी
Neemuch News: मध्य प्रदेश के नीमच शहर के चोरी का मामला मंगलम ज्वेलर्स के संचालक मनीष सिंहल की रिपोर्ट से शुरू हुआ. उन्होंने बताया कि उनका मुनीम दिलखुश नागदा स्वास्तिक बुलियन से 65 ग्राम शुद्ध सोना टंच करवाकर लौट रहा था. तभी डॉक्टर फजल रहमान की गली में किसी अज्ञात बदमाश ने उसकी जेब से करीब 12 लाख रुपए का सोना पार कर दिया. दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में केंट थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई.
मेडिकल रिपोर्ट में नहीं निकली मारपीट की बात
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान मुनीम की कहानी में कई विरोधाभास सामने आए. आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में आंखों में स्प्रे भी डालने की बात कही. इसके बाद मेडिकल जांच में ऐसा भी कुछ भी सामने नहीं आया. आरोपी की सारी रिपोर्ट नॉर्मल थी और उनके साथ कोई भी मारपीट नहीं हुई थी. आरोपी सीटीटीवी में बार-बार अंदर-बाहर आ जा रहा था.
आरोपी ने बार-बार बदले अपने बयान
पूछताछ के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी और साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे ने मनोवैज्ञानिक तरीके से सवाल-जवाब किए. आरोपी बार-बार अपने ही बयान बदलता रहा और अंततः सख्ती से पूछताछ में टूट गया और उसने सच उगल दिया.
सोने के लालच में रची पूरी कहानी
पूछताछ में सामने आया कि सोने के लालच में उसने गबन की नीयत से पूरी कहानी रची थी और चोरी का नाटक किया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास ही छिपाया गया पूरा 65 ग्राम सोना बरामद कर लिया. इस सफलता में उनि दिवान सिंह, सउनि शिवलाल कलमी और साइबर टीम की विशेष भूमिका रही. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
.