टीकमगढ़ में लोधी क्षत्रिय समाज ने शुक्रवार को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी का बलिदान दिवस गौरवपूर्ण तरीके से मनाया। इस अवसर पर आयोजित सामाजिक सभा में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में राजनीतिक भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वे जीवनभर राजनीति करेंगी और समाज के हक के लिए संघर्ष जारी रखेंगी। “कुर्सी पर बैठकर मंच तक ले जाना, पर संघर्ष नहीं रुकेगा” उमा भारती ने अपने स्वास्थ्य की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही उनकी सेहत पूरी तरह ठीक न रहती हो, लेकिन जब तक उनकी वाणी, आंख और कान काम कर रहे हैं, वे सक्रिय रहेंगी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “यदि स्वास्थ्य कारणों से मेरा चलना भी बंद हो जाए, तो लोग मुझे कुर्सी पर बिठाकर मंच तक ले जाएं, लेकिन मैं समाज की सेवा और राजनीति से पीछे नहीं हटूंगी।” उन्होंने रानी अवंतीबाई के सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया। शहर में निकली शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत कार्यक्रम का शुभारंभ शहर में निकाली गई एक विशाल शोभायात्रा से हुआ। मिश्रा चौराहा पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी गिरी गोस्वामी ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। इसके बाद गर्ल्स कॉलेज स्थित प्रतिमा स्थल पर समाज के वरिष्ठ जनों और जनप्रतिनिधियों ने वीरांगना की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिग्गज नेता रहे मौजूद इस आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत, दुष्यंत लोधी सहित लोधी समाज के अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित थे। वक्ताओं ने रानी अवंतीबाई के 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को उनके शौर्य गाथाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। .