रतलाम में स्टेशन रोड थाना अंतर्गत कोर्ट के सामने स्थित पान व जनरल स्टोर की दुकान में मंगलवार रात चोरी हो गई। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 20 हजार रुपए नकद समेत बीड़ी और सिगरेट के पैकेट चुरा लिए। होली त्योहार के बीच हुई इस चोरी ने पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी की घटना जैन कॉलोनी निवासी नितीन कुमार मेहता की कोर्ट चौराहा स्थित दुकान पर हुई। दुकान के ठीक सामने कोर्ट है। नितीन रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। वह दुकान पर पहुंचे तो शटर लगा हुआ था, जबकि टूटा हुआ ताला दुकान के पास खड़ी एक्टिवा पर रखा मिला। ताला तोड़ने और चोरी की सूचना स्टेशन रोड थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। बीड़ी-सिगरेट के पैकेट चुराए दुकान संचालक नितीन के अनुसार अज्ञात बदमाश दुकान से गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपए नकद और बीड़ी-सिगरेट के बड़े पैकेट चुरा ले गए, जिनकी कीमत लगभग 10 हजार रुपए बताई जा रही है। दुकान में 10 से 20 रुपए तक की खुल्ले पैसे रखी हुई थी। पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है। .