रायसेन जिले के अंबाडी- छपरई मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भरने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ साल पहले रेलवे गेट बंद कर यह अंडरपास बनाया गया था, लेकिन अब यह मार्ग पानी की वजह से बंद हो चुका है।
.
पानी से भरा अंडरपास
स्कूल के बच्चे जान जोखिम में डाल पटरी क्रॉस कर रहे
पानी भरने के कारण आसपास के दर्जनों गांवों के स्कूल जाने वाले बच्चे, गांव के लोग और किसान रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर रेल की पटरी पार करने को मजबूर हैं। मोटरसाइकिल को भी दो लोग उठाकर पटरी के दूसरी ओर ले जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इस रास्ते को स्कूल जाने वाले बच्चों और किसानों द्वारा नियमित रूप से उपयोग किया जाता है।
ज्ञापन और शिकायत के बाद भी समस्या का हल नहीं
ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभागों को आवेदन और ज्ञापन भेजकर समस्या के समाधान का अनुरोध किया है। हालांकि, अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।