MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
उज्जैन में पिकनिक के दौरान तालाब में गिरी ढाई साल की बच्ची, मिली लाश
मध्य प्रदेश के उज्जैन में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. विष्णु सागर तालाब पर पिकनिक मनाने गई महिलाओं के ग्रुप के साथ आई ढाई साल की बच्ची अचानक लापता हो गई. बताया जा रहा है कि करीब 10 महिलाओं का समूह पिकनिक बनाने में व्यस्त था, तभी बच्ची खेलते-खेलते तालाब के किनारे पहुंच गई और पानी में गिर गई. काफी देर तक जब बच्ची नहीं मिली, तो पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने रातभर तलाश की और आज सुबह बच्ची का शव तालाब से बरामद किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि बच्चों के साथ जरा सी लापरवाही भी कितनी भारी पड़ सकती है.
खंडवा में हाई वोल्टेज ड्रामा: पारिवारिक विवाद में टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने ऐसे उतारा
मध्य प्रदेश के खंडवा के कोतवाली थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक टावर पर चढ़ गया. दादू नाम का यह शख्स पारिवारिक विवाद के चलते टावर पर चढ़ा था.
बताया जा रहा है कि उसने अपनी फुफेरी बहन से शादी की थी और उसी को लेकर विवाद चल रहा था. बहन के पति की चार साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद 7 लाख रुपये का क्लेम मिला था. परिजनों का आरोप है कि दादू उस पैसे को हड़पना चाहता है, इसलिए इस तरह की हरकत कर रहा है. पुलिस ने समझाइश देकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.
पन्ना में पेट्रोल-डीजल संकट: पंपों पर लंबी कतारें, सीमित सप्लाई से लोग परेशान
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के गुनौर में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत से हालात बिगड़ गए हैं. चार में से सिर्फ दो पेट्रोल पंपों पर ही सीमित मात्रा में ईंधन मिल रहा है, जिससे सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं. कई जगह डीजल पूरी तरह खत्म हो चुका है, जबकि पेट्रोल भी केवल 300 रुपये तक ही दिया जा रहा है. लोग केन और डिब्बे लेकर पंपों पर पहुंच रहे हैं. आमजन इस संकट से परेशान हैं और प्रशासन से जल्द सप्लाई बहाल करने की मांग कर रहे हैं.
अगरबत्ती की दुकान में भीषण आग: शॉर्ट सर्किट की आशंका, लाखों का नुकसान
मध्य प्रदेश के जबलपुर के बेलबाग थाना क्षेत्र स्थित गुरंदी बाजार में एक अगरबत्ती की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है. देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंची तीन दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
सीधी में हड़कंप: संजय टाइगर रिजर्व में तेंदुओं की लड़ाई में एक की मौत
मध्य प्रदेश के संजय टाइगर रिजर्व से बड़ी खबर सामने आई है, जहां जंगली तेंदुओं के आपसी संघर्ष में एक तेंदुए की मौत हो गई. यह घटना मड़वास बफर जोन के जंगल में हुई, जहां 3 से 4 साल उम्र के तेंदुए का शव मिला. वन विभाग की टीम और वन्य जीव चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की. इसके बाद नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) के तय नियमों के अनुसार जंगल में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया. बताया जा रहा है कि क्षेत्र में तेंदुओं की संख्या तेजी से बढ़ने के कारण उनके बीच क्षेत्र को लेकर संघर्ष बढ़ रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं.
हमीदिया अस्पताल में हड़ताल: सैलरी नहीं मिलने से लिफ्ट बंद, मरीजों की बढ़ी मुश्किलें
हमीदिया अस्पताल में लिफ्ट ऑपरेटरों ने हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे अस्पताल की व्यवस्था पर सीधा असर पड़ा है. बताया जा रहा है कि ऑपरेटरों को पिछले एक साल से सैलरी नहीं मिली है. बजट की कमी के कारण करीब 3.25 करोड़ रुपये का भुगतान अटका हुआ है. लिफ्ट का मेंटेनेंस बंद होने से हादसे का खतरा भी बढ़ गया है. सबसे ज्यादा परेशानी गंभीर मरीजों को हो रही है, जिन्हें मजबूरन सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है. इससे अस्पताल प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
सरकारी नौकरी में बड़ा बदलाव! खत्म होगी 2 बच्चों की शर्त, कर्मचारियों को मिलेगा 20 लाख तक फ्री इलाज
भोपाल से बड़ी खबर सामने आ रही है. मध्य प्रदेश सरकार अब सरकारी नौकरी में लागू 2 बच्चों की शर्त को खत्म करने की तैयारी में है. इसके लिए प्रस्ताव तैयार हो चुका है और शासन स्तर पर इसे मंजूरी भी मिल चुकी है. अब इसे जल्द ही कैबिनेट में पेश किया जाएगा. यह बदलाव मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियम 2001 में संशोधन के जरिए किया जाएगा, जिसमें पहले 2 से अधिक बच्चों पर पाबंदी लागू थी. इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए एक और बड़ी राहत की तैयारी है. सरकार 20 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रस्ताव भी कैबिनेट में लाने जा रही है. यह प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग ने 2025 में तैयार किया था. अगर ये दोनों प्रस्ताव पास होते हैं, तो कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी और सरकारी नौकरी के नियमों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
सीएम मोहन यादव का ताबड़तोड़ दौरा: दिल्ली से सतना और फिर चित्रकूट में रामनवमी कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली, रीवा और चित्रकूट के दौरे पर रहेंगे. वे दिल्ली में एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम 5:00 बजे सतना पहुंचेंगे, जहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसके बाद रात 8:00 बजे चित्रकूट में रामनवमी के अवसर पर आयोजित गौरव दिवस कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. इस दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति खास मानी जा रही है.
ग्वालियर में भीषण हादसा: कार-ऑटो टक्कर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 4 घायल
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. थाटीपुर थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहा के पास कार और ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो परिवारों के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में इंद्रजीत शाक्य (55), उनकी पत्नी लीला शाक्य (52), शुभम शाक्य (30), उनकी पत्नी शगुन शाक्य (25) और सास प्रीति कश्यप (60) शामिल हैं. हादसे में 3 मासूम बच्च प्रियांश (5), आरव (6) और प्रीति (20) सहित एक अन्य ऑटो सवार घायल हुआ है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है.
रामनवमी पर भव्य आयोजन: प्रदेशभर में श्रीराम केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
भोपाल में रामनवमी के अवसर पर आज राज्य सरकार प्राकट्य पर्व का आयोजन कर रही है. इस मौके पर प्रदेश के 7 स्थानों पर भगवान श्रीराम पर आधारित नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी. राम राजा मंदिर ओरछा में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी. इसके साथ ही भरत घाट चित्रकूट और श्रीराम जानकी मंदिर शहडोल में भी खास आयोजन रखे गए हैं. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्रीराम के जीवन से जोड़ना है.
.