LIVE: भोपाल में सिलेंडर चोरों का आतंक; इंदौर में खौफनाक अग्निकांड

MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

भोपाल में सिलेंडर चोरों का आतंक! पार्किंग से 4 गैस टंकी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां बदमाशों ने एक घर की पार्किंग में रखे चार गैस सिलेंडर पर हाथ साफ कर दिया. बताया जा रहा है कि वकील रॉबिन जैन के घर के बाहर सिलेंडर रखे हुए थे, जिन्हें देर रात बाइक सवार तीन बदमाश चुरा ले गए. पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद रॉबिन जैन ने कोहेफिजा थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

शिवपुरी में खौफनाक मंजर! तालाब से बाहर आया मगरमच्छ, युवक ने पकड़ ली पूंछ

शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में देर रात एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया. चिंताहरण मंदिर के पास स्थित भुजरिया तालाब से एक मगरमच्छ बाहर निकल आया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. इसी दौरान एक युवक ने बिना किसी डर के मगरमच्छ की पूंछ पकड़ ली और उसके साथ खिलवाड़ करता रहा. मौके पर मौजूद लोग यह नजारा देखकर दंग रह गए. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक अपनी जान की परवाह किए बिना इस खतरनाक हरकत को करता रहा. अगर मगरमच्छ अचानक हमला कर देता, तो उसकी जान बचाना बेहद मुश्किल हो सकता था. स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवक को समझाकर वहां से हटाया. यह घटना एक बड़ी चेतावनी है कि जंगली जानवरों से दूरी बनाकर रखना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है.

CM मोहन यादव का हरदा दौरा: 230 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की सौगात, किसान सम्मेलन में होंगे शामिल 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज हरदा दौरे पर रहेंगे, जहां वे नेहरू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. यह सम्मेलन कृषि आधारित कौशल विकास और कस्टम हायरिंग पर केंद्रित होगा. मुख्यमंत्री दोपहर 1:10 बजे हरदा पहुंचेंगे. इस दौरान वे जिले में विकास कार्यों को बड़ी सौगात देंगे. करीब 32 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत से 5 विकास कार्यों का भूमि पूजन और लगभग 199 करोड़ 79 लाख रुपए के 36 कार्यों का लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही वे विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को हितलाभ वितरण भी करेंगे.

गुढ़ीपाडवा से किसान सम्मेलन और कवि सम्मेलन तक व्यस्त दिन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है. सुबह 10:30 बजे समत्व भवन में गुढ़ीपाडवा के अवसर पर गुढ़ी भेंट कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद 11:25 बजे जहांगीराबाद स्थित होमगार्ड्स कैंप में सिविल डिफेंस वर्कशॉप में भाग लेंगे. दोपहर 12:35 बजे भोपाल से हरदा के लिए रवाना होकर 1:20 बजे राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन और कस्टम हायरिंग केंद्र प्रदर्शनी में शामिल होंगे. शाम 3:50 बजे भोपाल लौटेंगे और रात 9 बजे अटल पथ पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में सहभागिता करेंगे.

इंदौर में खौफनाक अग्निकांड! EV चार्जिंग से लगी आग, 7 लोग जिंदा जले, 3 ने बचाई जान

इंदौर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक मकान में लगी भीषण आग ने 7 लोगों की जान ले ली. बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की चार्जिंग के दौरान हुई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हालांकि 3 लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही पूरे घर में धुआं और लपटें फैल गईं, जिससे अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फिलहाल इस घटना के पीछे की असली वजह की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर EV चार्जिंग को ही कारण माना जा रहा है. यह हादसा एक बार फिर आग से सुरक्षा और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग के दौरान सावधानी बरतने की अहम जरूरत को दिखाता है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *