MP News: प्रदेश भर में शिक्षकों की अटेंडेंस ‘हमारे शिक्षक’ एप के माध्यम से दर्ज हो रही है। बावजूद इसके व्यवस्था में खामियां देखने को मिल रही हैं। मैहर …और पढ़ें
HighLights
- मैहर में जीवित शिक्षक को कर दिया मृत घोषित।
- ‘हमारे शिक्षक’ APP पर नहीं लग रही हाजिरी।
- संकुल ने मानी गलती, पर सुधार अब तक नहीं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर/रामनगर। प्रदेश भर में शिक्षकों की अटेंडेंस ‘हमारे शिक्षक’ एप के माध्यम से दर्ज हो रही है। बावजूद इसके व्यवस्था में खामियां देखने को मिल रही हैं। मैहर जिले के रामनगर संकुल स्थित मनकहरी हाईस्कूल के एक शिक्षक को पोर्टल में मृत दर्शा दिया गया है, जबकि वो जीवित है और बकायदा सेवाएं दे रहा है। इस जानकारी के बाद मैहर से भोपाल तक हडक़ंप मचा हुआ है।
जिम्मेदार अधिकारी गड़बड़ी को सुधारने की कवायद में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार दामोदर प्रसाद साकेत हाईस्कूल मनकहरी में प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। 21 जनवरी 2026 से ‘हमारे शिक्षक’ एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की अनिवार्यता तय की गई थी, लिहाजा जब दामोदर प्रसाद ने अपनी आइडी से लागिन करने का प्रयास किया तो उसका अकाउंट निष्क्रिय बता रहा था। उसने इस गड़बड़ी के लिए तत्काल संकुल और ब्लॉक स्तर पर संपर्क किया।
इस दौरान उसे ज्ञात हुआ कि संकुल प्राचार्य की आइडी से ही उसकी जानकारी डैड दर्ज हो गई है, लिहाजा पोर्टल पर उसका अकाउंट स्वत: निष्क्रिय हो गया है। हालंकि यह गड़बड़ी प्रशासनिक स्तर से हुई, इसलिए संकुल प्राचार्य, जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर डीपीई भोपाल तक इस गलती को सुधारने की कवायद शुरू कर दी गई।
बावजूद इसके एक पखवाड़ा बीतने के बाद भी पीड़ित शिक्षक को राहत नहीं मिल पाई है। वैसे तो यह प्रकरण व्यक्तिगत है, लेकिन जिस सिस्टम की कसौटी को लेकर दृढ़ता और जीरो एरर के दावे किए जा रहे हैं, उसके परिपेक्ष्य में ऐसे मामले सवाल खड़े करने वाले हैं।
संकुल ने मानी गलती, पर सुधार अब तक नहीं
जीवित शिक्षक को पोर्टल पर मृत्य बताने के बाद भले ही संकुल ने अपनी गलती स्वीकारते हुए डीईओ को पत्र लिखकर भले ही सुधार की कवायदें कि हो लेकिन वह सुधार अभी तक नहीं हो सका है।
लिहाजा मनकहरी प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ दामोदर प्रसाद साकेत बीते चौदह दिनों से बच्चों को पढ़ाने के बावजूद प्रतिनिधि अनुपस्थित ही है। ऐसे में उनके काम के बावजूद अनुपस्थित दर्ज हुए दिनों के परितोषिक मिलने को लेकर भी प्रश्न खड़े हो गए है।
.