Vijay Hazare Trophy LIVE Score: विजय हजारे ट्रॉफी 2025 के छठे राउंड के मुकाबले आज मंगलवार को खेला जा रहा है. हालांकि जयपुर में घना कोहरा छाए रहने के कारण दो अहम मुकाबलों की शुरुआत में देरी हुई, जिससे दर्शकों को भारत के स्टार खिलाड़ियों को मैदान पर देखने के लिए इंतजार करना पड़ा. जयपुर में मुंबई और हिमाचल प्रदेश के बीच मुकाबला है, जबकि दूसरे मैच में गोवा और पंजाब आमने-सामने हैं.
जयपुर में कोहरे ने रोका खेल
सुबह से ही जयपुर में घना कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई. इसी कारण अंपायरों ने मुंबई बनाम हिमाचल प्रदेश और गोवा बनाम पंजाब मैचों की शुरुआत को टाल दिया. फैंस खास तौर पर भारतीय वनडे कप्तान शुभमन गिल और अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को एक्शन में देखने के लिए उत्साहित हैं.
शुभमन गिल की वापसी पर नजर
भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल आज पंजाब की ओर से गोवा के खिलाफ खेलते नजर आ सकते हैं. वह पिछले मैच में फूड पॉइजनिंग के कारण सिक्किम के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाए थे. अब पूरी तरह फिट गिल से टीम को मजबूत शुरुआत की उम्मीद है. वहीं, श्रेयस अय्यर भी मुंबई की कप्तानी करते हुए टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में टीम की अगुवाई करेंगे.
दिल्ली के मैच में नहीं दिखेंगे विराट कोहली
इस बीच दिल्ली की टीम बेंगलुरु में रेलवे के खिलाफ मैदान में उतरी है, लेकिन इस मैच में विराट कोहली नजर नहीं आएंगे. दिल्ली के हेड कोच सरनदीप सिंह ने बताया कि विराट जल्द ही न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे. हालांकि, दिल्ली की ओर से तेज गेंदबाज हर्षित राणा और विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत इस मुकाबले में खेल रहे हैं.
अन्य मुकाबलों में टॉस के फैसले
अन्य मैचों की बात करें तो रेलवे ने दिल्ली के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है. असम ने चंडीगढ़ के खिलाफ बैटिंग चुनी, जबकि बड़ौदा ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया. वहीं, बंगाल ने हैदराबाद के खिलाफ गेंदबाजी से शुरुआत करने का फैसला किया.
विजय हजारे ट्रॉफी के इस चरण में जहां मौसम ने थोड़ी परेशानी जरूर खड़ी की, वहीं टीम संयोजन और स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी ने टूर्नामेंट का रोमांच बरकरार रखा है.
.