MP Breaking News: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
सीएम हाउस में होली की रौनक, डॉ. मोहन यादव ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
राजधानी में होली का उत्साह चरम पर है और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी सीएम हाउस में पूरे उत्साह के साथ रंगों का पर्व मना रहे हैं. इस मौके पर उन्होंने न्यूज 18 से बातचीत में प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सामाजिक समरसता और भाईचारे का यह त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि होली शांति और सौहार्द के साथ मनाएं, ताकि प्रदेश में खुशियों और रंगों का माहौल बना रहे.
भोपाल में होली की रंगीन शुरुआत, बड़ा तालाब के झील वाले हनुमान मंदिर पर मॉर्निंग वॉकर्स ने जमकर खेली होली
राजधानी भोपाल में सुबह से ही होली का जश्न शुरू हो गया. बड़ा तालाब स्थित झील वाले हनुमान मंदिर परिसर में मॉर्निंग वॉकर्स ने अपने ग्रुप के साथ जमकर रंग खेला. रोज सुबह वॉक करने वाले लोग आज रंग-गुलाल लगाकर डांस करते नजर आए. लोगों ने कहा कि आज बड़ा त्योहार है, इसलिए वॉक की जगह डांस कर रहे हैं ताकि फिटनेस भी बनी रहे और रंगों का पर्व भी धूमधाम से मना सकें. ढोल की थाप और हंसी-ठिठोली के बीच माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आज का होली कार्यक्रम, सुबह से रहेंगे व्यस्त
होली के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का दिन खासा व्यस्त रहने वाला है. सुबह से ही वे अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री निवास पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहां जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और आमजन उनसे मुलाकात करेंगे और रंगों के इस पर्व की शुभकामनाएं देंगे. इसके बाद सुबह 10:50 बजे वे विधानसभा में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में प्रदेश के अन्य जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रहेगी.. सुबह 11:15 बजे मुख्यमंत्री का पुनः सीएम हाउस आगमन निर्धारित है. होली के इस मौके पर मुख्यमंत्री का दिन उत्सव और औपचारिक कार्यक्रमों से भरा रहेगा.
भोपाल में आज होली की धूम, दयानंद चौक से जनकपुरी तक निकलेगा भव्य चल समारोह
राजधानी आज रंगों में सराबोर नजर आएगी. होली के मौके पर शहर में पारंपरिक उल्लास और भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. सुबह 11 बजे से श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य चल समारोह निकाला जाएगा, जो दयानंद चौक से शुरू होकर जनकपुरी तक पहुंचेगा. चल समारोह में पारंपरिक संगीत, रंग-बिरंगी झांकियां और ढोल-ताशों की गूंज से पूरा माहौल उत्सवमय हो जाएगा. जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु और नागरिक पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे. इस बार भी आयोजन में सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश प्रमुख रहेगा. खास बात यह है कि चल समारोह के दौरान टैंकरों से पानी की बौछार की जाएगी, जिससे रंगोत्सव का आनंद दोगुना हो जाएगा. प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि उत्सव शांतिपूर्ण और आनंदमय तरीके से संपन्न हो सके.
राजधानी में जमेगी रंगों की महफिल, सीएम हाउस से लेकर नेताओं के घर तक मनेगी धूमधाम से होली
राजधानी इस बार पूरी तरह रंगों में सराबोर नजर आएगी. होली का खुमार आम लोगों के साथ-साथ राजनेताओं पर भी साफ दिखाई देगा. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सीएम हाउस में विशेष होली मिलन समारोह आयोजित होगा, जहां जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर भी रंगोत्सव की तैयारियां पूरी हैं. वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के घर भी होली उत्सव मनाया जाएगा, जहां समर्थकों और नेताओं का जमावड़ा लगेगा. राजधानी में राजनीतिक रंग भी इस बार होली के रंगों के साथ घुलते नजर आएंगे.
.