Live: एमपी में गैस संकट; एजेंसी के बाहर लाइन, होटलों में जलने लगा देसी चूल्हा

भोपाल. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग का असर भारत पर भी दिख रहा है. देशभर में एलपीजी गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते दिन करीब 12 रेस्टोरेंट और खाने-पीने की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा. अब मध्य प्रदेश के रेस्टोरेंट और होटल कारोबार पर भी इसका असर दिखने लगा है. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी के चलते संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. संचालक इंडक्शन और लकड़ी वाला चूल्हा जलाकर किसी तरह काम चला रहे हैं. वहीं आम जनता को भी पहले की तरह घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. राजधानी भोपाल में घरेलू गैस को लेकर जद्दोजहद जारी है. एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं. गैस कंपनियों का ऑनलाइन सर्वर भी क्रैश हो रहा है, जिससे मुश्किलें और बढ़ रही हैं. गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे लोग गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस संकट से जुड़ा हर अपडेट…

गैस मामले में स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया: पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया
गैस सिलेंडर मामले में स्थगन प्रस्ताव पर विपक्ष से पूर्व मंत्री और विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि राज्य में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी हो रही है. लोगों को बाजारों में गैस नहीं मिल रही है और न ही व्यावसायिक गैस सिलेंडर मिल रहे हैं. इसे लेकर हम स्थगन प्रस्ताव लाए थे, जिसे अस्वीकार किया गया. यह जनता का मुद्दा है, लोगों को परेशानी हो रही है, इसपर सरकार को जवाब देना होगा.

विधायक अनुज शर्मा ने कहा- गैस की किल्लत और कालाबाजारी पर विपक्ष के आरोप निराधार
छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और किल्लत पर हंगामे के बीच विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि विपक्ष के आरोप निराधार हैं. छत्तीसगढ़ में ऐसी स्थिति नहीं है. सरकार काम कर रही है. किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है.

विधानसभा में बोले नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत- जनता को गैस नहीं मिल रही, कालाबाजारी हो रही है
छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सदन में कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया है कि गैस सिलेंडर मिलने में कोई कठिनाई नहीं होगी. राज्य में 36 लाख 59 हजार गैस उपभोक्ता हैं. उन्हें गैस नहीं मिल रही है. कालाबाजारी हो रही है. घरों में अव्यवस्था फैली हुई है. इनको व्यवस्थित करने की जानकारी मुख्यमंत्री की है. पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि वैश्विक घटना और युद्ध के कारण व्यवस्था खराब हुई है. गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है. पेट्रोलियम भी मिलना भी बंद हो गया है. बघेल ने कहा कि सरकार की तरफ से जवाब आना चाहिए कि कितनी गैस सप्लाई हो रही है. सही दाम में मिले, ये सुनिश्चित होना चाहिए. सभी की चिंता इस बात की है, इसलिए स्थगन स्वीकार कर चर्चा कराई जाए.

जबलपुर में गैस सिलेंडर के लिए सुबह से लाइन
जबलपुर की मित्तल गैस एजेंसी में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी हुई है. गैस बुकिंग न होने से समस्या बढ़ रही है. जिनकी गैस बुकिंग हुई है, उन्हें भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है. उपभोक्ता गैस एजेंसी के बाहर सुबह से लाइन लगाकर खड़े हैं. सुबह से धूप में खड़े होकर गैस के लिए लाइन लगाई गई है.

गैस की कालाबाजारी को लेकर कटनी जिला प्रशासन अलर्ट
खाड़ी देशों में तनाव के बीच गैस की कालाबाजारी की आशंकाओं को देखते हुए कटनी जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों में घरेलू सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य है. कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी. प्रशासन ने बताया कि अब घरेलू सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद ही होगी. साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है.

रायपुर में गैस एजेंसी के बाहर उमड़ी भीड़
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गैस एजेंसी के बाहर लोगों की काफी भीड़ नजर आ रही है. गैस बुकिंग के बाद OTP नहीं आने से लोग परेशान हैं. वे स्लिप कटाने के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं. गैस एजेंसी सर्वर डाउन होने का हवाला दे रही है. लोगों का कहना है कि पहले सिलेंडर घर पर पहुंचता था लेकिन अब होम डिलीवरी नहीं हो रही है. होम डिलीवरी न होने से स्लिप कटाने के लिए एजेंसी पहुंचे हैं. 5-6 दिनों से गैस एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं. बुकिंग के लिए सर्वर डाउन नहीं है लेकिन पर्ची के लिए सर्वर डाउन हो जा रहा है.

बिलासपुर में सुबह से लग रहीं सिलेंडर की लाइन
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सुबह होते ही गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ उमड़ रही है. घरेलू गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. सिलेंडर लेने के लिए लोगों में होड़ मची हुई है. लोग समय से पहले नंबर लगाकर स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं. अंतर्राष्ट्रीय हालातों की खबरों से लोगों में चिंता बढ़ी हुई है. वहीं प्रशासन अपील कर रहा है कि पैनिक में न आएं. जिले में पर्याप्त एलपीजी गैस होने का दावा किया जा रहा है, फिर भी एजेंसियों के बाहर सुबह से लाइनें लगी नजर आ रही हैं.

भोपाल के होटलों में खत्म होने के कगार पर गैस
भोपाल के होटलों में गैस का एक से दो दिन का स्टॉक बचा है. ठेले और खोमचे वालों का स्टॉक लगभग खत्म हो गया है. खाने-पीने का सामान भी महंगा हो रहा है. रमजान और शादियों पर असर पड़ रहा है.

इंदौर के 56 फूड स्ट्रीट में इंडक्शन चूल्हों ने ले ली गैस की जगह
देशभर में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर पर लगी रोक का असर अब छोटे-बड़े बाजारों तक दिखाई देने लगा है लेकिन संकट की इस घड़ी में मध्य प्रदेश के इंदौर के छप्पन दुकान यानी 56 फूड स्ट्रीट के व्यापारियों ने हार नहीं मानी बल्कि इसका अनोखा समाधान निकाल लिया है. दुनियाभर में अपने खोपरा पेटीज, हॉट डॉग, मटर की कचौरी और शिकंजी के लिए मशहूर इंदौर की छप्पन फूड मार्केट में अब गैस की जगह इंडक्शन चूल्हों ने ले ली है. कमर्शियल गैस का स्टॉक सिर्फ दो दिन का बचा था लेकिन उससे पहले ही दुकानदारों ने इंडस्ट्री में इस्तेमाल होने वाले बड़े इंडक्शन खरीद लिए. अब इन्हीं इंडक्शन पर डोसा, पोहा, समोसा, कचौरी, पाव भाजी और छोले-भटूरे जैसे व्यंजन आसानी से तैयार किए जा रहे हैं. व्यापारियों का कहना है कि संकट चाहे जैसा भी हो, इंदौर की पहचान और देश का मान कभी झुकने नहीं देंगे.

रतलाम में अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर का भंडाफोड़
राज्य में एलपीजी गैस की कमी देखने को मिल रही है. वहीं रतलाम में अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर का भंडाफोड़ हुआ है. मौके से 31 सिलेंडर जब्त किए हैं. नामली कस्बे में यह कार्रवाई की गई है. आरोपी शहजाद खान घरेलू सिलेंडरों से वाहनों में रीफिलिंग कर रहा था. आरोपी के केंद्र पर इससे पहले भी तीन बार छापे पड़ चुके हैं. खाद्य विभाग की टीम ने इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

भ्रामक प्रचार करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
दुर्ग में रसोई गैस को लेकर भ्रामक प्रचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. दुर्ग के कलेक्टर अभिजीत सिंह ने चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि जिले में रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक है. सोशल मीडिया पर लगातार इससे जुड़ी खबरों को लेकर प्रशासन अलर्ट है. भ्रामक प्रचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *