आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच है. रांची के जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमें भिड़ेंगी. केएल राहुल इस सीरीज के लिए टीम इंडिया के कप्तान हैं. वहीं टेंबा बावुमा के हाथों में दक्षिण अफ्रीकी टीम की कमान है.
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला वनडे मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा. वहीं मुकाबले का टॉस दोपहर एक बजे होगा. फैंस इस मुकाबले को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर लाइव देख सकेंगे. वहीं मोबाइल पर मैच देखने वाले दर्शक इस मैच को जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीम कर सकेंगे.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज नहीं दिखेंगे. दोनों को रेस्ट दिया गया है. वहीं चोटिल होने की वजह से नियमित कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर भी इस सीरीज में नहीं हैं. इस सीरीज के लिए टीम इंडिया में कई युवा खिलाड़ियों को चुना गया है.
पिच रिपोर्ट
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला वनडे मैच रांची के जेएससीए (JSCA) इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. यहां की पिच स्पिनर्स के लिए मुफीद रहती है. हालांकि, शुरुआत में तेज गेंदबाजों की भी मदद मिलते देखा गया है. यहां हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद बेहद कम है. इस मैदान पर टीम इंडिया ने छह मुकाबले खेले हैं, जिसमें 3 मैचों में जीत मिली है, वहीं एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है. एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था.
दक्षिण अफ्रीका की संभावित प्लेइंग इलेवन- टोनी डी जोर्जी, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टेंबा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्करम, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, केशव महाराज, प्रेनेलन सुब्रायन, लंबी नगिदी और नांद्रे बर्गर.
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़/यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह.
.