Last Updated:
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है. अंतरराष्ट्रीय हालात बिगड़ने पर कच्चे तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ता है, जिसका असर सीधे घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर भी पड़ रहा है. लोग सिलेंडर में गैस भराने के लिए घंटों तक लाइनों में लग रहे हैं. इतना ही नहीं, बुकिंग के लिए भी 1-2 महीने पहले से करना होगा.
सिलेंडर में बची गैस का कैसे करें पता.
रसोई में खाना बनाते समय अगर अचानक गैस खत्म हो जाए तो बड़ी परेशानी हो सकती है. खासकर जब घर में मेहमान आए हों या जल्दी में खाना तैयार करना हो, तब सिलेंडर खत्म होना और भी मुश्किल खड़ी कर देता है. आमतौर पर लोग तब ही समझ पाते हैं कि गैस खत्म हो गई है, जब चूल्हे की लौ कमजोर हो जाती है या पूरी तरह बंद हो जाती है. लेकिन अगर पहले से ही यह अंदाजा लग जाए कि सिलेंडर में गैस कितनी बची है, तो ऐसी परेशानी से बचा जा सकता है. दरअसल कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से आप घर बैठे ही यह पता लगा सकते हैं कि एलपीजी सिलेंडर में गैस खत्म होने वाली है या अभी काफी गैस बची हुई है.
सिलेंडर में गैस चेक करने का सबसे आसान तरीका गर्म पानी वाली ट्रिक है. इसके लिए सबसे पहले सिलेंडर के बाहरी हिस्से पर हल्का गर्म पानी डाल दें और कुछ सेकंड इंतजार करें. इसके बाद हाथ से सिलेंडर को ऊपर से नीचे तक छूकर देखें. जहां तक सिलेंडर ठंडा महसूस होगा, समझ लें कि वहीं तक गैस मौजूद है. दरअसल सिलेंडर के अंदर मौजूद तरल गैस गर्मी को जल्दी सोख लेती है, इसलिए उस हिस्से की सतह ठंडी हो जाती है. यह तरीका बहुत ही आसान है और बिना किसी उपकरण के घर पर ही इस्तेमाल किया जा सकता है.
दूसरा तरीका है सिलेंडर का वजन चेक करना. हर एलपीजी सिलेंडर पर उसका खाली वजन यानी टेयर वेट लिखा होता है. जब सिलेंडर में गैस भरी होती है तो उसका वजन ज्यादा होता है और जैसे-जैसे गैस खत्म होती है, सिलेंडर हल्का होता जाता है. अगर आपके पास वेट मशीन है तो आप सिलेंडर का वजन करके आसानी से अंदाजा लगा सकते हैं कि उसमें कितनी गैस बची है. इससे आपको पहले ही पता चल जाएगा कि नया सिलेंडर बुक करने का समय आ गया है या नहीं.
तीसरा तरीका गैस की लौ पर ध्यान देना है. जब सिलेंडर में गैस कम होने लगती है तो चूल्हे की लौ पहले की तुलना में थोड़ी कमजोर या पीली दिखाई देने लगती है. कई बार खाना बनने में भी ज्यादा समय लगने लगता है. अगर आपको ऐसा महसूस हो रहा है कि गैस की फ्लेम पहले जैसी तेज नहीं है, तो यह संकेत हो सकता है कि सिलेंडर जल्द ही खत्म होने वाला है. ऐसे में बेहतर है कि समय रहते नया सिलेंडर बुक कर लिया जाए ताकि अचानक गैस खत्म होने की परेशानी से बचा जा सके.
इन आसान तरीकों की मदद से आप बिना किसी खास उपकरण के घर पर ही एलपीजी सिलेंडर में बची गैस का अंदाजा लगा सकते हैं. इससे न सिर्फ आपका काम बीच में रुकने से बचेगा, बल्कि आप पहले से ही नए सिलेंडर की व्यवस्था भी कर पाएंगे. थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता रसोई के काम को और भी आसान बना सकती है.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें
.