छोड़िए बाजार का सूप, घर पर इन 5 सब्जियों को सुखाकर बना लें पाउडर, सिर्फ 1 चम्मच में तैयार होगा हेल्दी सूप

Tips To Make Veg Soup Powder at Home: ठंड के मौसम में सूप पीने का खूब मन करता है. कई लोग सूप पीने के लिए बाजार चले जाते हैं, तो कुछ लोग घर पर सूप बनाना पसंद करते हैं. अधिकतर लोग बाजार से सूप पाउडर ले आते हैं, लेकिन उस सूप में अक्सर मैदा, आर्टिफिशियल फ्लेवर और प्रिजर्वेटिव मिलाए जाते हैं. ये चीजें किसी भी उम्र के लोगों के लिए सुरक्षित नहीं होती हैं. इसलिए घर पर पौष्टिक वेज सूप पाउडर बनाना सबसे अच्छा विकल्प है. आप अपने घर पर सब्जियों को सुखाकर और पीसकर हेल्दी सूप पाउडर तैयार कर सकते हैं. इस सूप पाउडर की मदद से आप टेस्टी और हेल्दी सूप बना सकते हैं.

इन सब्जियों से घर पर बना सकते हैं सूप पाउडर

हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो होममेड सूप पाउडर बनाने के लिए कुछ पौष्टिक सब्जियां इस्तेमाल की जाती हैं. इनमें गाजर, टमाटर, चुकंदर, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी, मटर और अदरक होता है. ये सब्जियां विटामिन A, विटामिन C, विटामिन K, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरी होती हैं, जो सर्दियों में इम्यूनिटी को मजबूत करती हैं. इन्हें हल्का भाप में पकाएं या उबालें, ताकि पोषक तत्व नष्ट न हों और फिर इन्हें पूरी तरह सुखाकर बारीक पाउडर बना लें. सब्जियों के पाउडर में काली मिर्च, हल्दी, सेंधा नमक, अजवाइन या थोड़ा सा जीरा मिलाया जा सकता है. ये मसाले न सिर्फ स्वाद बढ़ाते हैं, बल्कि सर्दियों में शरीर को गर्म रखते हैं.

सूप पाउडर में जरूर शामिल करें ये मसाले

हल्की एक गजब की एंटीसेप्टिक है और काली मिर्च हमारे मेटाबोलिज्म को बढ़ाती है. अजवाइन पाचन को मजबूत करती है. इस तरह तैयार किया गया सूप पाउडर स्वाद और सेहत का बेहतरीन कॉम्बो बन जाता है. बारीक पाउडर को एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखा जा सकता है. यह आसानी से 3 से 4 महीने तक खराब नहीं होता है. सूप बनाने के लिए केवल एक बड़ा चम्मच पाउडर एक कप गर्म पानी में मिलाएं और चाहें तो थोड़ा घी या मक्खन डालें. इस तरह मात्र 2 मिनट में पौष्टिक, हल्का, गर्म और सुपाच्य वेज सूप तैयार हो जाता है. यह सूप बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए भी एकदम परफेक्ट है.

होममेड सूप के गजब के फायदे कर देंगे हैरान

सब्जियों से बनाए गए होममेड सूप के कई फायदे हैं. यह पाचन को संतुलित करता है, ब्लोटिंग कम करता है और पेट को हल्का रखता है. इसमें मौजूद विटामिन C और बीटा-कैरोटिन इम्यूनिटी बूस्ट करते हैं. अदरक और काली मिर्च जैसे मसाले शरीर में गर्माहट और ब्लड फ्लो को बढ़ावा देते हैं, जिससे सर्दियों की जकड़न कम होती है. हाई-फाइबर और लो-कैलोरी होने से यह वजन कंट्रोल करने वालों के लिए भी एक बेहतरीन विकल्प है. ठंड के मौसम में लोग पानी कम पीते हैं, जिससे शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ जाती है. इसके कारण त्वचा रूखी होना, सिरदर्द, कमजोरी, थकान और पेशाब का गहरा रंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं. ऐसे में गर्म सूप या हर्बल ड्रिंक हाइड्रेशन बनाए रखने का आसान और स्वस्थ तरीका है. यह शरीर को पोषण भी देता है और पानी की कमी भी दूर करता है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *