Village Business Ideas: जिस तेजी से समय बदल रहा है, ऐसे में जरूरी नहीं है कि अच्छी कमाई के लिए शहरों की ओर ही रूख किया जाए. क्योंकि आज कई लोग गांव में रहकर ही अपना बिजनेस खड़ा कर रहे हैं और हर महीने एक अच्छी इनकम भी कमा रहे हैं. बदलती टेक्नोलॉजी और शिक्षा की पहुंच ने गांवों के लिए स्वरोजगार के माध्यम से बेहतर कमाई का रास्ता खोला है.
अगर आप भी गांव में रहते हुए कुछ खुद का शुरू करना चाहते हैं, तो आपके पास कई बढ़िया विकल्प मौजूद हैं. डेयरी फार्मिंग, मशरूम की खेती जैसे काम कम पैसों में शुरू करके धीरे-धीरे बड़े स्तर तक पहुंच सकते हैं. आइए जानते हैं, इन बिजनेस आइडिया के बारे में…
डेयरी का काम बन सकता है बढ़िया कमाई का जरिया
अक्सर देखा जाता है कि गांव में लोग पशुपालन करते है. ताकि खुद की जरूरतों को पूरा किया जा सके. हालांकि, यह एक बढ़िया बिजनेस आइडिया बनने की ताकत रखता है. अगर आप 4-5 अच्छी दूध देने वाली गाय या भैंस से शुरुआत करें, तो धीरे-धीरे यह काम अच्छा चल सकता है.
गांव में चारे की व्यवस्था भी आसानी से हो जाती है, जिससे खर्च ज्यादा नहीं बढ़ता. दूध को आसपास के शहर, होटल या मिठाई की दुकानों में बेचकर अच्छी आमदनी की जा सकती है, और कई लोग इसी काम से हर महीने 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक कमा रहे हैं. एक डेयरी किसान ने बताया कि, उसके पास कुल 6 गाय और 3 भैंस है.
सारे खर्च को हटाकर उन्हें हर महीने करीब 55 से 60 हजार रुपये की आमदनी आराम से हो जाती है. हालांकि, उन्होंने बताया कि डेयरी फर्म में रिस्क भी काफी होता है. पशुओं का बहुत ज्यादा ध्यान रखना होता है और समय-समय पर उनका वैकसीनेशन करवाना पड़ता है. ताकि पशुओं को किसी तरह की बीमारी न हो.
कम जगह में शुरू करें मशरूम की खेती
अगर आप गांव में कम लागत में कोई काम शुरू करना चाहते हैं, तो मशरूम की खेती एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इसमें ज्यादा जमीन की जरूरत नहीं होती, बल्कि एक कमरे में भी आसानी से उगाया जा सकता है.
इसकी तैयारी के लिए गेहूं या चावल के भूसे में जरूरी तत्व मिलाकर खाद तैयार की जाती है. जिसमें लगभग एक महीना लग जाता है. शहरों में इसकी मांग लगातार बनी रहती है. लोकल बाजार में इसकी अच्छी कीमत मिलती है. इसलिए सही तरीके से काम करने पर यह कारोबार अच्छी कमाई का जरिया बन सकता है. इस बिजनेस से कई लोग हर महीने लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं.
सब्जी उगाकर बढ़ा सकते हैं आमदनी
गांव में खेती सबसे बड़ा सहारा होती है और बहुत से किसान अब इनमें थोड़ा सा बदलाव करके अच्छी आमदनी कमा रहे हैं. गेहूं, चावल के साथ-साथ थोड़ी सी जमीन पर मिर्च, गोभी, टमाटर या भिंडी जैसी सब्जियां उगाकर आप अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं.
आजकल लोग ऑर्गेनिक सब्जियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जिनकी बाजार में कीमत भी बेहतर मिलती है. तैयार फसल को मंडियों या शहर के दुकानदारों तक पहुंचाकर किसान साथी अपनी इनकम को बढ़ा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: बिजनेस के लिए पैसे नहीं होने का बहाना छोड़िए, सिर्फ 5000 रुपये में शुरू करें ये धाकड़ बिजनेस; होगी तगड़ी कमाई
.