Natural Beetroot Blush: आजकल हर कोई चाहता है कि चेहरा फ्रेश और नेचुरल दिखे, लेकिन रोज मेकअप करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. ऊपर से मार्केट में मिलने वाले कई ब्यूटी प्रोडक्ट्स में केमिकल होते हैं, जो लंबे समय में स्किन को नुकसान पहुंचा सकते हैं. ऐसे में अगर आप बिना ज्यादा खर्च और बिना भारी मेकअप के अपने गालों पर हल्की गुलाबी चमक चाहते हैं, तो चुकंदर आपके काम आ सकता है. चुकंदर सिर्फ खाने के लिए ही फायदेमंद नहीं है, बल्कि इसे चेहरे पर लगाने से भी अच्छा ग्लो मिलता है. पुराने समय में जब रेडीमेड मेकअप नहीं होता था, तब गालों को रंग देने के लिए चुकंदर का इस्तेमाल किया जाता था. इसमें विटामिन C, आयरन और फोलेट जैसे तत्व होते हैं जो स्किन को अंदर से हेल्दी बनाने में मदद करते हैं.
इसके एंटीऑक्सीडेंट्स ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर करते हैं, जिससे गाल नैचुरली फ्रेश दिखते हैं, अगर आप भी घर पर आसान तरीके से नेचुरल ब्लश बनाना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए तरीकों को जरूर आजमाएं.
चुकंदर का गाढ़ा पल्प ब्लश -सबसे आसान तरीका
-सबसे पहले एक मध्यम आकार का चुकंदर उबाल लें. ठंडा होने के बाद इसे कद्दूकस कर लें या मिक्सर में पीस लें. अब इसका गाढ़ा पल्प तैयार कर लें. इस पल्प में 4–5 बूंद ग्लिसरीन मिला दें. अच्छी तरह मिक्स करें. आपका नेचुरल ब्लश तैयार है. इसे एक छोटे साफ डिब्बे में भरकर फ्रिज में रख दें. जब भी गालों पर हल्की गुलाबी चमक चाहिए हो, उंगलियों से थोड़ा सा लेकर गालों के उभरे हिस्से पर लगाएं और हल्के हाथ से ब्लेंड कर लें. यह तरीका खास तौर पर उन लोगों के लिए अच्छा है जिन्हें क्रीम बेस पसंद है.
चुकंदर का लिक्विड टिंट -लंबे समय तक टिकने वाला रंग
-अगर आप ऐसा टिंट चाहते हैं जो कई घंटों तक टिका रहे, तो यह तरीका अपनाएं.
-एक कच्चा चुकंदर काट लें और मिक्सर में पीस लें. अब एक साफ कपड़े से इसका रस छान लें. रस को कांच या प्लास्टिक के साफ कंटेनर में भरकर फ्रिज में रख दें.
-रोज इस्तेमाल के लिए कॉटन या उंगलियों से थोड़ा सा रस लें और गालों पर हल्के हाथ से लगाएं.
-यह टिंट 4 से 6 घंटे तक आसानी से टिका रहता है. अगर रंग हल्का लगे तो दो पतली लेयर लगा सकते हैं.
चुकंदर और एलोवेरा क्रीम ब्लश -ड्राई स्किन वालों के लिए
-ड्राई स्किन वालों के लिए यह तरीका बढ़िया है.
-2 चम्मच चुकंदर का रस लें और उसमें 1 चम्मच एलोवेरा जेल मिला दें. अच्छी तरह मिक्स करें और छोटे जार में भरकर फ्रिज में रख दें.
-यह क्रीम ब्लश गालों को रंग देने के साथ-साथ नमी भी देता है. इससे स्किन सॉफ्ट और स्मूद दिखती है.
-एलोवेरा मिलने से यह मिश्रण करीब 10 से 14 दिन तक चल सकता है, लेकिन अगर रंग या खुशबू में बदलाव लगे तो इसे इस्तेमाल न करें.
जल्दी में चाहिए गुलाबी गाल? ये ट्रिक अपनाएं
अगर आप जल्दी में हैं और तुरंत हल्का पिंक लुक चाहते हैं, तो एक छोटा टुकड़ा चुकंदर छील लें. गालों के उभरे हिस्से पर हल्के हाथ से गोल-गोल रगड़ें. फिर उंगलियों से ब्लेंड कर लें. ध्यान रखें कि रंग थोड़ा गहरा आ सकता है, इसलिए बहुत हल्के हाथ से लगाएं.
इन बातों का जरूर रखें ध्यान
चुकंदर हाथों, कपड़ों और सिंक पर दाग छोड़ सकता है, इसलिए संभलकर इस्तेमाल करें. पहली बार चेहरे पर लगाने से पहले हाथ के अंदरूनी हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें. चुकंदर का रस फ्रिज में लगभग एक हफ्ते तक सही रहता है. ज्यादा देर तक टिकाने के लिए दो हल्की लेयर लगाना बेहतर रहता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.