कनाडा के सरे (Surrey) शहर में एक रेस्टोरेंट मालिक के 3-4 ठिकानों पर फायरिंग की खबर है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है.
गोल्डी ढिल्लों की पोस्ट के मुताबिक, फायरिंग सरे के तीन लोकेशन्स पर की गई, जो रेस्टोरेंट मालिक का मुख्य ठिकाना बताया जा रहा है.
दो दिन पहले भी करवाई थी फायरिंग
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब महज दो दिन पहले ही लारेंस गैंग ने अपने विरोधी नवी तेसी के घर, दफ्तर और कॉम्प्लेक्स पर भी फायरिंग करवाई थी. तीनों जगहों की फायरिंग के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे.
लारेंस गैंग ने नवी तेसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उसने बिश्नोई गैंग के नाम पर लोगों से करीब 5 मिलियन (50 लाख रुपये) वसूल लिए थे. लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से कनाडा में भारतीय समुदाय के बीच दहशत का माहौल है.
‘लॉरेंस के नाम पर कनाडा में वसूली कर रहे लोग’
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े फतेह पुर्तगाल नाम के शख्स ने चेतावनी जारी की थी कि गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस गैंग के नाम पर वसूली और शूटिंग करने वालों की अब वह खुद जिम्मेदारी लेगा. फायरिंग को लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े फतेह पुर्तगाल नाम के शख्स ने सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘सत श्री अकाल, राम-राम सारे भाइयों को. मैं फतेह पुर्तगाल बोल रहा हूं. गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जो लोग कनाडा में वसूली और शूटिंग कर रहे हैं, उनकी जिम्मेदारी अब हम ले रहे हैं.’
पोस्ट में उसने यह भी कहा कि नवी तेसी ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर गायकों से जबरदस्ती 5 मिलियन वसूले हैं, इसलिए हम उसके पीछे पड़े हुए हैं. पोस्ट में आगे कहा गया कि व्यापारियों की जान या व्यापार को नुकसान पहुंचा, उसकी जिम्मेदारी आप लोगों की होगी, हमारी नहीं. हमारा तरीका शायद गलत लग सकता है, लेकिन हमारा इरादा गलत नहीं है.
.