व्यापारी बनकर आया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा,फेंकने वाले पेट्रोल बम, पुलिस ने दबोचा

Last Updated:

अशोकनगर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अशोकनगर में एक व्यापारी को 10 करोड़ रुपए फिरौती की रकम ना देने के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी. इसके बाद से आरोपी घर की रेकी कर रहा था.

Zoom

अशोकनगर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा पकड़ा

Ashoknagar News: अशोकनगर शहर में दहशत फैलाने की बड़ी साजिश को कोतवाली पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया. अंतरराष्ट्रीय शूटर गैंग लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हैरी बॉक्सर और ऋतिक बॉक्सर के एक गुर्गे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो व्यापारी बनकर शहर में ठहरा हुआ था और प्रतिष्ठित व्यापारी के घर की रेकी कर रहा था. आरोपी पेट्रोल बम से हमला कर शहर में सनसनी फैलाने की योजना बना रहा था.

आरोपी खुद को व्यापारी बताकर कर रहा था गुमराह
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी मनीष जांगिड़ (19) निवासी ग्राम साकून दादू, जिला जयपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी पिछले आठ दिनों से शहर में रहकर स्टेशन रोड और आसपास के इलाकों की रेकी कर रहा था. वह एक होटल में फर्जी आधार कार्ड के सहारे रुका हुआ था और खुद को व्यापारी बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से मिली थी मारने की धमकी
दरअसल 12 फरवरी को शहर के व्यापारी अंकित अग्रवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के नाम से व्हाट्सएप कॉल, वीडियो कॉल और वॉइस नोट के माध्यम से 10 करोड़ रुपए की फिरौती की धमकी दी गई थी. रकम न देने पर व्यापारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी. इस शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी.

जांच के दौरान पुलिस टीम ने जयपुर, जैसलमेर, इंदौर, गोवा समेत कई स्थानों पर जाकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए. वहीं अशोकनगर शहर के होटल, लॉज, धर्मशाला, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. पुलिस सादे कपड़ों में शहर के हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थी.

पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया
इसी दौरान 5 मार्च की रात मिलन तिराहे के पास फरियादी के घर के आसपास एक संदिग्ध युवक घूमता मिला. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं. तलाशी लेने पर उसके पास से छह पेट्रोल बम, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ.

आरोपी ने घटना को अंजाम देने के लिए एक लाख रुपए लिए
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2024 में जयपुर क्लब फायरिंग के बाद ऋतिक बॉक्सर के संपर्क में आया था. इसके बाद हैरी बॉक्सर से उसका संपर्क हुआ और वह गैंग के लिए काम करने लगा. इस वारदात के लिए उसे एक लाख रुपए एडवांस दिए गए थे. वारदात के बाद उसे इंदौर में भी एक अन्य घटना को अंजाम देने भेजा जाना था. इस पेज से आरोपी ने मोटरसाइकिल भी खरीदी थी.

पुलिस ने पूछताछ की शुरू
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही हैरी बॉक्सर और ऋतिक बॉक्सर के खिलाफ तकनीकी साक्ष्य और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जांच भी की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *