भास्कर संवाददाता | सागर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शहर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के विधि विभाग के छात्रों ने आदिनाथ कार्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से शहर के विभिन्न स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र आयोजित किए। अभियान के तहत इमानुअल इंग्लिश मीडियम स्कूल, किड्स एकेडमी स्कूल, एक्सीलेंस स्कूल, कैम्ब्रिज हाइट्स स्कूल और वात्सल्य स्कूल के विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित सड़क व्यवहार की जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि नियमों का पालन न करने से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। आदिनाथ कार्स प्राइवेट लिमिटेड की प्रबंध निदेशक आकांक्षा मलैया ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक यातायात नियमों को गंभीरता से अपनाएं तो सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति सजग बनाना बेहद जरूरी है, ताकि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित कर सकें। विधि विभाग के हेड मंगल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विधि विभाग के छात्रों ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने और यातायात संकेतों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और नियमों के पालन का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समन्वयक दीपक वर्मा एवं सौमित्र सरकार की भूमिका सराहनीय रही। विधि विभाग के रजनीश, ऋषभ कुमार, पंखुड़ी शर्मा, वैष्णव शरण शर्मा, कृष्ण मुरारी शुक्ला आदि मौजूद रहे। .