कोटा. प्रतिभाशाली एनसीसी कैंडिडेट तमन्ना शर्मा ने अपनी मल्टी-टैलेंट प्रतिभा के दम पर हाल ही में जयपुर में आयोजित एक फैशन शो में इंडियाज़ टॉप मॉडल विनर का खिताब अपने नाम किया है. इस उपलब्धि के साथ तमन्ना ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे कोटा शहर का नाम रोशन किया है.
यह फैशन शो अग्रवाल प्रोडक्शन द्वारा आयोजित किया गया, जो 10 जनवरी को जयपुर के जैवेल रिजॉर्ट में संपन्न हुआ. प्रतियोगिता में मिस्टर, मिस और मिसेज़—तीनों कैटेगरी में देशभर से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में फैशन, स्टाइल, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का शानदार संगम देखने को मिला.
पढ़ाई, कॉलेज लाइफ और मॉडलिंग की तैयारी की एकसाथ
मिस कैटेगरी में तमन्ना शर्मा ने अपनी रैंप प्रेजेंस, आत्मविश्वास और टैलेंट के दम पर निर्णायकों के सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया. जजों ने उनके ओवरऑल परफॉर्मेंस की विशेष सराहना की. अपनी सफलता पर तमन्ना ने कहा कि उनकी जर्नी आसान नहीं रही. उन्होंने पढ़ाई, कॉलेज लाइफ और मॉडलिंग की तैयारी—तीनों को एक साथ मैनेज किया. ऐसे में फर्स्ट विनर बनना उनके लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के कारण आज उन्हें यह सफलता मिली है, जिस पर उन्हें गर्व है. तमन्ना ने यह भी कहा कि जीवन में कई बार बच्चों पर पेरेंट्स का दबाव होता है, लेकिन अगर अपनी बात सही तरीके से समझाई जाए तो पेरेंट्स भी पूरा सहयोग करते हैं. पेरेंट्स का सपोर्ट बहुत जरूरी होता है, क्योंकि उनके बिना आगे बढ़ना मुश्किल हो जाता है. अगर किसी काम को करने की ठान ली जाए और उस पर डटे रहा जाए, तो परिवार भी साथ देता है.
लगातार मेहनत ही सफलता की असली कुंजी
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि खुद पर भरोसा और लगातार मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है. आज के 5G और डिजिटल युग में यूट्यूब और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कोई भी सही जानकारी हासिल कर सकता है और अपनी तैयारी को बेहतर बना सकता है. आगे चलकर तमन्ना सोशल मीडिया के माध्यम से उन युवाओं का मार्गदर्शन करेंगी, जो मॉडलिंग की दुनिया में करियर बनाना चाहते हैं.
वह सही प्लेटफॉर्म, आवेदन प्रक्रिया और सटीक जानकारी साझा कर गाइड करने का काम करेंगी. कार्यक्रम के आयोजक आकाश मित्तल ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, जजों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया. वहीं तमन्ना ने कहा कि कोटा के लिए मिस विनर बनना उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है, और यह उपलब्धि उनके भविष्य के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी.
.