Last Updated:
सोचिए एक ऐसा पेड़ जो न केवल हरे-भरे पहाड़ों की शोभा बढ़ाए, बल्कि पानी, पशु चारा, स्वास्थ्य और पारंपरिक औषधि सब में सहायक हो. हिमालयी पहाड़ों में बांज के पेड़ को “हरा सोना” कहा जाता है. स्थानीय लोग इसे धार्मिक दृष्टि से पूजते हैं, पारंपरिक उपचारों में उपयोग करते हैं और इसके जंगलों से जलस्रोत और ताजगी भरा वातावरण मिलता है.
पहाड़ों में बांज का पेड़ केवल हरियाली का प्रतीक नहीं बल्कि जीवन का आधार माना जाता है. स्थानीय लोग बताते हैं कि बांज के पेड़ का पहाड़ों में बहुत बड़ा महत्व है, क्योंकि यह पर्यावरण को संतुलित रखने, जलस्रोतों को जीवित बनाए रखने, पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने और ग्रामीण जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. यही कारण है कि इसे “हरा सोना” कहा जाता है और पहाड़ी समाज में इसे विशेष सम्मान और संरक्षण दिया जाता है.
बांज के पेड़ को पहाड़ों में गहरी आस्था के साथ जोड़ा जाता है. कई गांवों में इसे देवताओं का निवास स्थान माना जाता है और इसके नीचे पूजा-अर्चना की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के कारण लोग इसे काटने से बचते हैं और इसकी रक्षा को पुण्य का कार्य मानते हैं. यह पेड़ लोगों की परंपराओं और विश्वास का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है.
जहां बांज के पेड़ों के घने जंगल होते हैं वहां का वातावरण स्वाभाविक रूप से ठंडा और शुद्ध रहता है. ये पेड़ हवा को साफ करने के साथ-साथ आसपास के तापमान को नियंत्रित करते हैं. ऐसे स्थानों पर रहने वाले लोगों को अधिक ताजगी और सुकून महसूस होता है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बांज के पेड़ जल संरक्षण के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं. इनके कारण मिट्टी में नमी बनी रहती है और बारिश का पानी धीरे-धीरे जमीन में समा जाता है. इससे जलस्रोत सूखते नहीं हैं और सालभर पानी की उपलब्धता बनी रहती है. पहाड़ों के कई नौले और धाराएं बांज के जंगलों के पास ही देखने को मिलते हैं.
बांज की पत्तियां पशुओं के लिए पौष्टिक और उपयोगी चारा होती हैं. ग्रामीण पशुपालक दीपा जोशी बताती है बांज के पत्ते खाने से पशु स्वस्थ रहते हैं और उनका दूध भी बढ़ता है. पहाड़ी क्षेत्रों में जहां हरा चारा सीमित होता है, वहां यह पेड़ पशुपालकों के लिए बहुत बड़ा सहारा साबित होता है.
बांज के पेड़ का उपयोग पारंपरिक घरेलू उपचारों में भी किया जाता है. इसके फल को पीसकर घाव पर लगाने से घाव जल्दी भरने में मदद मिलती है. वहीं इसकी छाल के पानी से कुल्ला करने पर दांत दर्द और मसूड़ों की सूजन में राहत मिलती है. यह पेड़ प्राकृतिक औषधि के रूप में भी लोगों के बीच जाना जाता है.
बांज की सूखी पत्तियां खेती के लिए बहुत लाभकारी मानी जाती हैं. इन्हें इकट्ठा कर जैविक खाद बनाई जाती है, जिससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और फसल की गुणवत्ता बेहतर होती है. पारंपरिक खेती में इसका उपयोग लंबे समय से किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है और जमीन की सेहत भी बनी रहती है.