Last Updated:
Kitchen Gardening Tips: जानिए कैसे घर की छत पर किचन गार्डनिंग शुरू करके आप पा सकते हैं ताजगी से भरी सब्जियां, बेहतर सेहत और पैसे की बचत. एक्सपर्ट से जानें तरीका और टिप्स. (रिपोर्ट: अनुज गौतम/सागर)

अगर आप महंगी सब्जियों से परेशान हैं और हर दिन ताज़ा और हरी सब्जियां पाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. बरसात का मौसम किचन गार्डनिंग की शुरुआत करने के लिए सबसे बेहतरीन समय माना जाता है.

एक्सपर्ट्स का मानना है कि घर की छत, आंगन या बालकनी में थोड़ी सी मेहनत करके आप न सिर्फ अपनी थाली को हरा-भरा बना सकते हैं, बल्कि जेब खर्च भी बचा सकते हैं.

किचन गार्डनिंग से आपको रोजाना ताजी सब्जियां मिलती हैं, जिससे सेहत पर सकारात्मक असर पड़ता है. सबसे बड़ी बात बाजार से सब्जी खरीदने की जरूरत नहीं, जिससे हर महीने हजारों रुपए तक की बचत संभव है.

साथ ही, किचन से निकलने वाला वेस्ट (जैसे छिलके और बची सब्जी) को खाद के रूप में उपयोग कर सकते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है.

अगर आपके पास छत पर थोड़ी भी खाली जगह है, तो वहां लौकी, तुरई, गिलकी, भिंडी, बैगन और पत्तेदार भाजी (पालक, मेथी, धनिया) जैसी फसलें आसानी से उगाई जा सकती हैं. इन सब्जियों का इस्तेमाल आप खुद कर सकते हैं या अधिक उत्पादन होने पर बेचकर अतिरिक्त आमदनी भी कर सकते हैं.

सागर जिले के उद्यानिकी विभाग के उपसंचालक डॉ. पी.एस. बडोले बताते हैं कि आजकल अधिकांश लोग दो तरह की गार्डनिंग करते हैं किचन गार्डनिंग और सजावटी फूलों की गार्डनिंग.

उनके अनुसार, बरसात में टेरेस गार्डनिंग के लिए यह समय सबसे उपयुक्त है. लोग वर्मी बेड, ग्रो बैग या बड़े गमलों का उपयोग करके घर की छत पर सब्जियां उगा सकते हैं. बारिश की वजह से पानी की समस्या नहीं होती और फसल की ग्रोथ भी शानदार होती है.

डॉ. बडोले सलाह देते हैं कि फूलों के साथ-साथ नींबू, सहजन (ड्रमस्टिक), और तुलसी जैसे पौधे भी जरूर लगाएं क्योंकि ये पोषण से भरपूर होते हैं. हर 15 दिन में घास की कटाई करें और समय-समय पर ऑर्गेनिक खाद डालते रहें ताकि पौधों को पोषण मिलता रहे. इससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बेहतर होते हैं.
.