MP Weather Today: मध्य प्रदेश में ठंड का तेज सितम लगातार जारी है. इस कड़ी में शुक्रवार का दिन और ज्यादा ठंडा रहा है. जहां प्रदेशभर के 17 से ज्यादा जिलों में घने कोहरे से हल्के कोहरे का असर देखने को मिल रहा है. जिसने पूरे एमपी में लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल खजुराहो और शहडोल से लेकर राजधानी भोपाल तक ठंड का तेज दौर जारी है.
इतना ही नही आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने और तेज ठंड पड़ने का अनुमान जताया है. वहीं प्रदेशभर में घने कोहरे से सड़क और रेल यातायात दोनों प्रभावित हो रहे हैं. जिस कारण नई दिल्ली से एमपी आने वाली 7 से ज्यादा ट्रेनें 1 से लेकर 7 घंटे लेट हैं. इस रिपोर्ट में जाने कैसा रहेगा आने वाला मौसम. वहीं, मुरैना में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया था. इसके बावजूद वन विभाग की टीम ने कलेक्टर के आदेश की अवहेलना करते हुए छात्रों को अनुभूति कार्यक्रम के तहत जंगल भ्रमण पर ले गया. रेंजर हिना खान के नेतृत्व में करीब 120 छात्र-छात्राओं को बाहर ले जाया गया, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है. ठंड और शीतलहर के बीच इस लापरवाही से किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है.
प्रदेश में खजुराहो सबसे ठंडा, तापमान 3.2 डिग्री पहुंचा
एमपी में बर्फ जमाने वाली ठंड के दौर में आज छतरपुर का खजुराहो प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड किया गया है. जहां तापमान 3.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है. वहीं, रीवा में तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस, दतिया में 4.2 डिग्री, नौगांव-शिवपुरी में 5 डिग्री, उमरिया में 5.4 डिग्री और हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 5.8 डिग्री दर्ज हुआ है.
घने कोहरे का असर, दिल्ली से आने वाली 7 ट्रेनें लेट
मध्यप्रदेश में शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल संभाग, रीवा, और शहडोल के कई इलाकों में भारी कोहरे का आगोश है. जिस कारण दिल्ली से मध्यप्रदेश आ रही करीबन 7 से ज्यादा ट्रेनें 1 घंटे से लेकर 7 घंटे तक अपने समय से लेट चल रही हैं. कोहरे के कारण लेट ट्रेनों में शताब्दी एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं.
प्रदेश के इन जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार एमपी के 7 से ज्यादा जिलों में शीतलहर पड़ने का अनुमान है. इन शहरों में दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, मऊगंज, निवाड़ी, शहडोल में तेज कोल्ड वेव का असर रहेगा. इसके साथ ही शहडोल में कोल्ड-डे भी दिखेगा.
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर
मौसम वैज्ञानिक डॉ दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, इस समय वेस्टर्न डिस्टरबेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हवाओं में ट्रफ के रूप में बना हुआ है. साथ ही सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में सक्रिय हैं, जिसके चलते मौसम पूरी तरह ड्राय बना हुआ है और ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत के आसार कम हैं. आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, रीवा, सतना, मऊगंज में शनिवार को घने से हल्का कोहरा पड़ने का अनुमान जताया है. जिसके कारण इन जिलों के कई हिस्सों में विजिबिलिटी घटी रहेगी.
9 और 10 जनवरी को बंद रहेंगे स्कूल
ग्वालियर में ठंड से हाहाकार मच गया है. भीषण कोहरा और कड़ाके की सर्दी से ग्वालियर चंबल ठिठुर गया है. बच्चों की 2 दिन की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं. ग्वालियर में गुरुवार को सीवियर कोल्ड डे रहा और अगले 72 घंटे तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा. पांचवी तक के स्कूलों की 9 और 10 जनवरी की छुट्टी होगी. 6 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 10:30 से 3 बजे तक लगेंगी.
.