Kerala Style Appam Recipe: केरल का पारंपरिक नाश्ता अपनी सादगी और स्वाद के लिए पूरे देश में पसंद किया जाता है. इन्हीं में से एक है अप्पम (Appam), जो देखने में पैनकेक जैसा होता है, लेकिन स्वाद में बेहद हल्का और खास. चावल के फर्मेंटेड बैटर और नारियल के दूध से बनने वाला अप्पम बाहर से हल्का क्रंची और बीच से एकदम सॉफ्ट होता है. अगर आप भी नाश्ते में कुछ अलग, हल्का और स्वाद से भरपूर बनाना चाहते हैं, तो घर पर अप्पम बनाकर देखें. यकीन मानिए, इसे बनाना जितना आसान है, इसे घर वाले पसंद भी बहुत करेंगे. तो चलिए जानते हैं केरल स्टाइल अप्पम बनाने का आसान तरीका-
सामग्री-
1.5 कप सफेद चावल(सोना मसूरी / परमल / सुरती कोलम / पोन्नी चावल)
2 कप पानी (चावल भिगोने के लिए)
½ कप ताजा कसा हुआ नारियल
¼ कप पोहा (चिवड़ा) विकल्प: पका हुआ चावल / स्टीम्ड चावल / मुरमुरा)
½ चम्मच नमक (स्वादानुसार)
2 चम्मच चीनी
इंस्टेंट यीस्ट (आवश्यकतानुसार)
थोड़ा पानी (बैटर पीसने के लिए)
½ चम्मच तेल (अप्पम पैन में लगाने के लिए)
अप्पम का बैटर कैसे बनाएं
अप्पम की जान उसका बैटर होता है. इसके लिए सबसे पहले 1.5 कप साधारण सफेद चावल लें, जैसे सोना मसूरी, परमल या पोन्नी चावल. चावल को पानी से 2–3 बार अच्छी तरह धो लें. इसके बाद 2 कप पानी डालकर चावल को 4 से 5 घंटे के लिए ढककर भिगो दें. चाहें तो आधा कच्चा चावल और आधा उबला चावल भी इस्तेमाल कर सकते हैं, इससे अप्पम और ज्यादा सॉफ्ट बनते हैं.
भीगने के बाद चावल का सारा पानी निकाल दें. अब मिक्सर जार में भीगे चावल डालें. इसके साथ ½ कप ताजा कसा नारियल, ¼ कप पोहा, ½ चम्मच नमक और 2 चम्मच चीनी डालें. अगर पोहा उपलब्ध न हो, तो उसकी जगह पका हुआ चावल, स्टीम्ड चावल या मुरमुरा भी इस्तेमाल किया जा सकता है. थोड़ा पानी डालकर सबको पीस लें और चिकना, बहने लायक बैटर तैयार करें.
फर्मेंटेशन का आसान तरीका
तैयार बैटर को किसी गहरे बर्तन में निकाल लें. अब इसमें इंस्टेंट यीस्ट मिलाएं. इंस्टेंट यीस्ट से बैटर जल्दी फर्मेंट हो जाता है और ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ता. बैटर को अच्छी तरह मिलाएं ताकि यीस्ट पूरी तरह घुल जाए. इसके बाद बर्तन को ढककर 1 से 2 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें. चाहें तो इंस्टेंट पॉट का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
जब बैटर सही तरह से फर्मेंट हो जाएगा, तो वह हल्का, फूला हुआ और बुलबुलों से भरा नजर आएगा. यह इस बात का संकेत है कि अप्पम बनाने के लिए बैटर तैयार है.
अप्पम बनाने का तरीका
अब अप्पम पैन या मोटे तले वाली कढ़ाही को गरम करें. इसमें ½ चम्मच तेल डालकर चारों तरफ फैला दें. अगर नॉन-स्टिक पैन है, तो तेल डालना जरूरी नहीं है. पैन गरम होते ही एक करछी बैटर बीच में डालें. पैन को हल्के हाथ से गोल-गोल घुमाएं, ताकि बैटर चारों ओर फैल जाए और किनारे पतले व बीच का हिस्सा थोड़ा मोटा रहे.
आंच को मीडियम या मीडियम-लो रखें. ढक्कन लगाकर करीब 2 मिनट तक अप्पम पकने दें. जब नीचे से हल्का सुनहरा रंग आ जाए और बीच का हिस्सा सॉफ्ट और फूला हुआ लगे, तो अप्पम तैयार है. इसे धीरे से निकाल लें और बाकी बैटर से भी इसी तरह अप्पम बनाएं.
किसके साथ खाएं अप्पम
गरम-गरम अप्पम को वेजिटेबल स्टू, आलू स्टू या वेज कुरमा के साथ परोसें. मीठा पसंद करने वालों के लिए नारियल का मीठा दूध भी शानदार विकल्प है. यह केरल स्टाइल नाश्ता हल्का होने के साथ-साथ पेट भरने वाला भी होता है.
घर पर बने ये सॉफ्ट और फ्लफी अप्पम एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करेंगे और आपका नाश्ता खास बन जाएगा.
.