Last Updated:
Tips and Tricks: हजारीबाग के नर्सरी एक्सपर्ट राकेश सिंह के अनुसार सर्दी में स्नेक प्लांट, एलोवेरा, पीस लिली, मनी प्लांट और इंग्लिश आइवी घर की हवा शुद्ध कर शोभा बढ़ाते हैं और सकारात्मक ऊर्जा लाते हैं.
सर्दी का मौसम अपने साथ ठंडक और शांति तो लाता है, लेकिन इसके साथ घर के माहौल में अक्सर नमी और बंदपन भी बढ़ जाता है. ऐसे में जरूरी है कि घर में कुछ ऐसे पौधे लगाए जाएं, जो न केवल वातावरण को शुद्ध रखें. बल्कि घर की शोभा भी बढ़ाएं.

इस विषय पर हजारीबाग के श्री राम नर्सरी के एक्सपर्ट गार्डनर राकेश सिंह ने बताया कि सर्दी के मौसम में लोग अक्सर अपने घरों के खिड़की दरवाजे बंद रखते हैं. जिस कारण से घर में बंदपन और नमी की भी समस्या देखने को मिलती है. ऐसे में कुछ पौधे जो केवल सजावटी और खूबसूरती ही नहीं, बल्कि घर की हवा शुद्ध करने साथ-साथ घर में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने के लिए भी काफी बेहतरीन है.

उन्होंने आगे बताया कि सर्दी के मौसम में लोगों को अपने घर में स्नेक प्लांट का पौधा रखना चाहिए. यह पौधा बेहद कम रोशनी में भी जीवित रहता है. इसकी पत्तियां आकर्षक होती हैं और यह घर की हवा से कार्बन डाइऑक्साइड और विषैले तत्वों को दूर करता है. सर्दी के मौसम में यह घर के अंदर लगाने के लिए एक परफेक्ट पौधा है.

उन्होंने आगे बताया कि एलोवेरा पौधा सर्दियों में भी आसानी से बढ़ता है. यह न केवल सजावटी है. बल्कि इसके पत्तों से निकलने वाला जेल त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद होता है. यह घर की हवा को ताजा रखता है और नमी को संतुलित बनाए रखता है.

उन्होंने आगे बताया कि सर्दी के मौसम के लिए पीस लिली भी एक बेहतरीन पौधा है. यह पौधा अपने सफेद फूलों के कारण बहुत खूबसूरत लगता है. पीस लिली हवा में मौजूद फंगस और धूलकणों को कम करने में मदद करती है. इसे घर के लिविंग रूम या बेडरूम में रखना बेहतरीन होता है. क्योंकि यह ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाता है.

राकेश सिंह आगे बताते है कि मनी प्लांट न केवल घर की सुंदरता बढ़ाता है बल्कि वास्तुशास्त्र में भी इसे शुभ माना जाता है. यह पौधा इनडोर प्रदूषण को कम करता है और घर के कोनों को हरियाली से भर देता है. इसकी देखभाल भी बहुत आसान होती है.

उन्होंने आगे बताया कि इंग्लिश आइवी का पौधा भी सर्दियों के लिए बेहतर है. यह बेलनुमा पौधा सर्दियों में भी घर की दीवारों या खिड़कियों को सुंदर रूप देता है. इंग्लिश आइवी हवा से फफूंद और एलर्जी पैदा करने वाले तत्वों को दूर करता है, जिससे घर का वातावरण स्वच्छ और ताजा बना रहता है.
.