Kashmiri Pulao Rcipe: भारत में पुलाव किसी भी मेहमान या खास मौके के लिए सबसे पसंदीदा व्यंजनों में से एक है. खासकर कश्मीरी पुलाव का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. इसका रंग, खुशबू और जायका इसे बाकी पुलावों से अलग बनाता है, अगर आप चाहते हैं कि आपके मेहमान आपके घर के खाने की तारीफ करें, तो कश्मीरी पुलाव बनाने का तरीका सीखना आपके लिए जरूरी है. कश्मीरी पुलाव सिर्फ एक साधारण चावल नहीं है. इसमें ड्राई फ्रूट्स, मसाले और थोड़ी मिठास मिलाकर इसे एक खास स्वाद दिया जाता है. सेब और अनार के टुकड़े इसे और भी रंगीन और आकर्षक बनाते हैं. यह पुलाव हर उम्र के लोग पसंद करते हैं, खासकर जब इसे घी और केसर की खुशबू के साथ परोसा जाए. घर पर कश्मीरी पुलाव बनाना आसान है, बस सही सामग्री और थोड़ी मेहनत की जरूरत होती है. इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता, लेकिन इसका स्वाद हर किसी को हैरान कर देता है. चाहे त्योहार हो, कोई खास मौका, या अचानक मेहमान आ जाएं, यह पुलाव हमेशा सबके चेहरे पर मुस्कान ला देता है. इस आर्टिकल में हम आपको कश्मीरी पुलाव बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, ताकि आप इसे घर पर बनाकर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद हासिल कर सकें.
कश्मीरी पुलाव बनाने की सामग्री
-बासमती चावल -1 कप
-काजू -8-10
-बादाम -8-10
-अनार दाने -1/4 कप
-सेब कटा -1/2
-इलायची पाउडर -1/2 टी स्पून
-बड़ी इलायची -2
-लौंग -3
-दालचीनी पिसी -1 इंच
-तेजपत्ता -1
-कश्मीरी लाल मिर्च -1/2 टी स्पून
-चीनी -1 टी स्पून
-केसर -2 चुटकी
-हरा धनिया कटा -2 टेबलस्पून
-घी -जरूरत अनुसार
-नमक -स्वादानुसार
कश्मीरी पुलाव बनाने का तरीका
1. सबसे पहले बासमती चावल को धोकर आधा घंटे के लिए पानी में भिगो दें.
2. एक कड़ाही में घी गर्म करें.
3. घी गर्म होने के बाद उसमें लौंग, दालचीनी, तेजपत्ता और बड़ी इलायची डालकर हल्का भूनें.
4. इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, चीनी, केसर और नमक डालें और 1 मिनट तक भूनें.
5. भीगे हुए चावल को मसालों में डालकर 1-2 मिनट हल्का फ्राई करें.
6. अब इसमें 2 कप पानी डालें और कड़ाही को ढककर मीडियम आंच पर 15 मिनट तक पकाएं.
7. चावल पक जाने के बाद गैस बंद कर दें और चावल को अलग बर्तन में निकाल लें.
8. काजू और बादाम को काटकर पुलाव में मिलाएं.
9. अनार के दाने और सेब के टुकड़े डालकर हल्का मिला दें.
10. हरा धनिया डालकर गरमा गरम परोसें.
टिप्स और ट्रिक्स
-अगर आप चाहते हैं कि पुलाव और खुशबूदार बने तो पकाते समय ढक्कन बंद रखें.
-केसर को पहले थोड़े गर्म दूध में घोलकर डालें, इससे रंग और खुशबू दोनों बढ़ेंगे.
-ड्राई फ्रूट्स को हल्का भूनकर डालें, इससे उनका स्वाद और क्रंची टेक्सचर बढ़ता है.
-सेब और अनार डालने से पुलाव रंगीन और स्वाद में हल्का मीठा हो जाता है.
कश्मीरी पुलाव के फायदे
-यह पुलाव हेल्दी और न्यूट्रिशियस होता है.
-ड्राई फ्रूट्स और फलों से इसे खाने में अलग स्वाद और टेक्सचर मिलता है.
-इसे त्योहारों और पार्टियों में परोसना आसान होता है.
-बच्चों और बुजुर्ग दोनों के लिए पसंदीदा व्यंजन है.
सर्व करने का तरीका
कश्मीरी पुलाव को गरमागरम सर्व करें. ऊपर से हरा धनिया और थोड़े केसर के धागे डालकर इसे और आकर्षक बनाएं. आप इसे रायता या सलाद के साथ भी सर्व कर सकते हैं. मेहमान इसकी खुशबू और रंग देखकर ही तारीफ करने लगेंगे.
.