20 रुपये का जूस, लेकिन कमाई हजारों में, महिला की सफलता कहानी

Last Updated:

झारखंड के गुमला जिले की रहने वाली तारामणि देवी ने यह साबित कर दिया है कि कम संसाधनों में भी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है. कभी सिलाई-कढ़ाई से मुश्किल से घर चलाने वाली तारामणि ने महज 50 हजार रुपये की लागत से गन्ना जूस का छोटा सा व्यवसाय शुरू किया और आज हर महीने अच्छी कमाई कर रही हैं. घर के पास स्टॉल लगाकर वह न सिर्फ अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा बन गई हैं. रिपोर्ट- अनंत कुमार

झारखंड के गुमला जिले में बड़े उद्योग-धंधों और रेलवे जैसी सुविधाओं का अभाव है. ऐसे में यहां के लोग आज भी रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं. लेकिन इसी जिले की एक महिला ने घर पर रहकर ही आत्मनिर्भर बनने की मिसाल पेश की है. चंडाली गांव की रहने वाली तारामणि देवी ने अपनी मेहनत और सोच के दम पर एक छोटा व्यवसाय शुरू कर आज अच्छी कमाई करना शुरू कर दिया है. पहले वह सिलाई मशीन चलाकर किसी तरह घर का गुजारा करती थीं, लेकिन आमदनी कम होने के कारण उन्होंने यह काम छोड़कर कुछ नया करने का फैसला किया.

इसी दौरान उन्होंने गन्ना जूस की स्टॉल देखी और इसी व्यवसाय को अपनाने का निर्णय लिया. तारामणि देवी ने मात्र 50 हजार रुपये की पूंजी लगाकर गन्ना जूस सेंटर का पूरा सेटअप तैयार किया और अपने घर के पास ही स्टॉल लगाना शुरू कर दिया. आज वह हर महीने हजारों रुपये की कमाई कर रही हैं.

एक समय ऐसा था जब सिलाई-कढ़ाई में मेहनत के बावजूद उनकी आमदनी बेहद कम थी. बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाता था. उनके पति ऑटो चलाते हैं, लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण घर चलाना कठिन हो रहा था.

Add News18 as
Preferred Source on Google

तारामणि देवी बताती हैं कि उन्होंने कहीं जाते समय गन्ना जूस की मशीन देखी. जिसके बाद उन्हें यह विचार आया कि क्यों न खुद का छोटा व्यवसाय शुरू किया जाए. उन्होंने सिलाई के काम के बजाय गन्ना जूस का स्टॉल लगाने का फैसला किया. शुरुआत में उन्होंने अपने पति की मदद से काम शुरू किया, लेकिन जल्द ही खुद मशीन चलाना, गन्ना छीलना और जूस निकालना सीख लिया.

तारामणि के मुताबिक, पूरे सेटअप को तैयार करने में करीब 50 हजार रुपये खर्च हुए, जिसमें 20 हजार रुपये मशीन खरीदने में और करीब 30 हजार रुपये रिक्शा गाड़ी बनवाने में लगे. उनकी स्टॉल चंडाली चौक के पास, पुराने पानी फिल्टर के समीप लगती है.

तारामणि बाजार से गन्ना खरीदकर लाती हैं और उसे छीलकर ताजा जूस तैयार करती हैं. जूस में काला नमक, नींबू और पुदीना मिलाकर ग्राहकों को परोसती हैं. वह 20 रुपये प्रति गिलास के हिसाब से जूस बेचती हैं. उनकी स्टॉल सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगती है और इस काम में उनके पति भी पूरा सहयोग करते हैं.

अब उनकी आय में सुधार हुआ है और वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं. तारामणि देवी की यह पहल अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है, जो कम पूंजी में अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *