Last Updated:
Til ke fayde: सर्दियों में तिल से बनी चीजें खूब मिलने लगती हैं. सफेद और काले रंग के ये छोटे-छोटे तिल के बीज बेहद पौष्टिक और हेल्दी होते हैं. तिल की तासीर गर्म होती है, इसलिए इसे सर्दियों में खाने की एक्सपर्ट भी सलाह देते हैं. इससे शरीर अंदर से गर्म रहता है. फाइबर, कैल्शियम, प्रोटीन, कई तरह के मिनरल्स से भरपूर तिल सेहत के लिए किस तरह से फायदेमंद है, जानिए यहां.
तिल के छोटे-छोटे बीज कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे जरूरी मिनरल्स से भरपूर होते हैं. ठंड के मौसम में काफी लोगों को हड्डियों और जोड़ों में दर्द रहता है. आप चाहते हैं कि हड्डियों की ये समस्या दूर हो तो आप तिल से बनी चीजों का सेवन करें. हर दिन थोड़ा तिल खाना हड्डियों और जोड़ों की सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं. भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, तिल कैल्शियम से भरपूर है, जो हड्डियों का भरोसेमंद साथी है. सर्दियों में तिल का सेवन शरीर को गर्म रखने के साथ ही हड्डियों को भी मजबूती देता है.

तिल में मौजूद कैल्शियम हड्डियों की मजबूती के लिए जरूरी है. कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाता है, जबकि मैग्नीशियम और फॉस्फोरस उनकी संरचना को बेहतर करते हैं. बढ़ती उम्र में खासकर महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों की कमजोरी) की समस्या आम है. तिल का नियमित सेवन इस जोखिम को कम कर सकता है.

इसके अलावा, तिल जोड़ों के दर्द को कम करने में मददगार है. इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सूजन और दर्द को नियंत्रित करते हैं. अर्थराइटिस या जोड़ों की जकड़न वाले लोगों के लिए तिल फायदेमंद साबित होता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आयुष मंत्रालय के अनुसार, रोजाना 1-2 चम्मच तिल खाने से हड्डियां स्वस्थ और मजबूत रहती हैं. तिल को आहार में शामिल करना आसान है. इसे भूनकर खाया जा सकता है, सलाद में डाल सकते हैं. तिल के लड्डू बनाकर सेवन किया जा सकता है. सर्दियों में तिल-गुड़ के लड्डू तो पारंपरिक रूप से लोकप्रिय हैं.

काले या सफेद तिल दोनों ही फायदेमंद हैं. हालांकि, अधिक मात्रा में सेवन से बचें, क्योंकि तिल में कैलोरी भी ज्यादा होती है. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि संतुलित आहार, व्यायाम और तिल जैसे पोषक तत्वों का सेवन मिलकर हड्डियों को जीवनभर मजबूत रख सकता है.