इंदौर में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली के पहले जीतू पटवारी का विरोध, जगह-जगह लगे पोस्टर

रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
Indore News:
मध्य प्रदेश के इंदौर में गुरुवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली शुरू होने से पहले ही हंगामा हो गया. रैली से पहले शहर के कांग्रेस कार्यालय और रैली मार्गों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ पोस्टर लगाए गए, जिनमें लिखा था, “राहुल गांधी जी, आपके संगठन सृजन अभियान में इंदौर में हमारा वोट चोरी हो गया, गजब जीतू दा.” इन पोस्टरों पर जीतू पटवारी की तस्वीर भी थी.

जैसे ही शहर कांग्रेस को इसकी जानकारी मिली, पार्टी नेताओं ने तुरंत पोस्टर हटवाए. रैली के दौरान भी माहौल तनावपूर्ण रहा. मोती तबेला में आयोजित सभा स्थल पर भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे, लेकिन मंच पर चढ़ने को लेकर कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की देखने को मिली. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की मौजूदगी में ही कार्यकर्ता आपस में भिड़ते नजर आए.

बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप
वहीं, कांग्रेस ने रैली में बीजेपी पर वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाया. हरीश चौधरी ने कहा, “जैसे पूरे देश में वोट चोरी हुई, वैसे ही इंदौर में भी वोट चोरी की गई. मतदाता बीजेपी के साथ नहीं है, लेकिन वोट चोरी करके यह सरकार बनाई गई है.” वहीं, जीतू पटवारी ने कहा, “इंदौर प्रेम और प्यार का शहर है, लेकिन बीजेपी ने वोट चोरी कर देश और इंदौर पर कब्जा किया. यह लोकतंत्र पर हमला है.” उन्होंने राऊ विधानसभा में 22 हजार डुप्लीकेट वोटर नाम होने का दावा किया, जिस पर कार्रवाई नहीं हुई.

कांग्रेस में बदलाव की जरूरत
पटवारी ने कांग्रेस में पीढ़ी परिवर्तन की वकालत की और कहा, “बीजेपी में चार-पांच बार पीढ़ी परिवर्तन हो चुका है. कांग्रेस को भी बदलाव की जरूरत है. हम पांच बार हार चुके हैं, अब और मजबूत प्रयास करने होंगे.” उन्होंने इंदौर में कांग्रेस की कमजोरी को शहर की शर्मिंदगी बताया.

हरीश चौधरी का बीजेपी पर हमला
हरीश चौधरी ने बीजेपी पर विवाद और टकराव फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “बीजेपी के पास देश और प्रदेश को देने के लिए कुछ नहीं है. जब रोजगार और युवाओं के भविष्य पर चर्चा होनी चाहिए, तब बीजेपी समाज को बांटने का काम कर रही है.” चौधरी ने जीएसटी में बदलाव को लेकर दावा किया कि राहुल गांधी की हर बात को अंततः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मानना पड़ा.

एमवाय अस्पताल पर सवाल
पटवारी ने इंदौर के एमवाय अस्पताल में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया और कहा, “ये चूहे वो भ्रष्टाचारी हैं, जिन्हें बीजेपी ने खड़ा किया.” उन्होंने बीजेपी पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप भी लगाया.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *