धार जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर जयस संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी और फर्जी मार्कशीट लगाए जाने के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। जयस के कार्यकारी अध्यक्ष रविराज बघेल ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा निकाली गई आंगनवाड़ी भर्ती में कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताओं की जानकारी सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अभ्यर्थियों ने अन्य राज्यों की मार्कशीट लगाकर चयन प्राप्त किया है, जिससे स्थानीय और पात्र उम्मीदवारों के साथ अन्याय हो रहा है। निष्पक्ष जांच की मांग की
जयस के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र डावर ने कहा कि इस प्रकार की अनियमितताओं से पूरी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह चेतावनी भी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो जयस संगठन द्वारा उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। .