जन मन योजना सड़क निर्माण पर गुणवत्ताहीन काम का आरोप: पिछले साल होना था पूरा; धीमी गति और लापरवाही पर उठे सवाल – Dindori News


डिंडौरी जनपद पंचायत के ग्राम गोयरा से बैगान टोला तक लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण जन मन योजना के तहत प्रधानमंत्री सड़क विभाग की ओर से किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितताओं और खराब गुणवत्ता के आरोप लगाए हैं। विभाग के इंजीनियरों ने गुणवत्ता की जांच कराने की बात कही है। एक साल से चल रहा काम बैगान टोला निवासी जगत लाल चंदेल ने बताया कि 3.20 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य पिछले एक साल से चल रहा है, लेकिन इसकी गति बेहद धीमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी के कर्मचारी कई दिनों तक काम बंद रखते हैं, जिससे निर्माण पूरा होने की निर्धारित तिथि भी निकल चुकी है। चंदेल के अनुसार, सड़क के अर्थ वर्क में भी लापरवाही बरती गई है। न तो रोलर चलाया गया और न ही पर्याप्त सिंचाई की गई। ऊपर से गिट्टी डाल देने के कारण अब गाड़ियां फिसल रही हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। एक अन्य ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि बारिश से पहले सड़क खोद दी गई थी, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हुई, खासकर स्कूली बच्चों को। उन्होंने यह भी बताया कि काम बीच-बीच में रोक दिया जाता है और कई जगहों पर गिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। मार्च तक पूरा होगा काम प्रधानमंत्री सड़क योजना के इंजीनियर अक्षय पटेल ने बताया कि लगभग 2 करोड़ रुपए की लागत से यह सड़क बनाई जा रही है। इसका काम 4 जून 2024 को शुरू हुआ था और इसे 3 जून 2025 तक पूरा किया जाना था। उन्होंने बताया कि राधे कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी को संभागीय कार्यालय से मार्च तक का एक्सटेंशन मिला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे ग्रामीणों के साथ मिलकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे और जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी, उसे कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग की अपनी लैब है, जहां गुणवत्ता की जांच की जा सकती है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *