Last Updated:
Early Symptoms Of Kidney Failure : अगर शरीर में बिना किसी दाने या लाल चकत्ते के लगातार खुजली हो रही है, तो इसे हल्के में न लें. यह त्वचा की एलर्जी ही नहीं, बल्कि लिवर, किडनी, थायरॉइड या खून से जुड़ी समस्याओं का संकेत भी हो सकता है. समय रहते जांच और सही उपचार बेहद जरूरी है.
कानपुर : आजकल कम उम्र के लोगों में किडनी से जुड़ी बीमारियों के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में बार-बार और लगातार होने वाली खुजली कोई सामान्य बात नहीं है. अक्सर लोग इसे एलर्जी, मौसम का असर या त्वचा की समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही खुजली किडनी की बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकती है.अगर खुजली लंबे समय तक बनी रहे और किसी क्रीम या दवा से ठीक न हो, तो सतर्क हो जाना जरूरी है.
कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टर एस के गौतम ने बताया कि जब किडनी ठीक से काम करती है, तो शरीर से गंदे और जहरीले तत्व बाहर निकाल देती है. लेकिन किडनी के कमजोर होने पर यूरिया और क्रिएटिनिन जैसे हानिकारक तत्व खून में जमा होने लगते हैं. इनका असर सबसे पहले त्वचा पर दिखाई देता है. ऐसे में बिना दाने, बिना लाल चकत्ते के पूरे शरीर में तेज खुजली होने लगती है. कई मरीज बताते हैं कि रात के समय खुजली ज्यादा बढ़ जाती है और नींद तक पूरी नहीं हो पाती.
30- 35 साल के लोग भी चपेट में
पहले किडनी की बीमारी को बुजुर्गों की समस्या माना जाता था, लेकिन अब 25 से 45 साल की उम्र के लोग भी इससे प्रभावित हो रहे हैं.गलत खानपान, फास्ट फूड का ज्यादा सेवन, पानी कम पीना, तनाव, ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियां किडनी को नुकसान पहुंचा रही हैं. कई मामलों में देखा गया है कि मरीज महीनों तक खुजली को मामूली समस्या समझते रहते हैं और डॉक्टर के पास तब पहुंचते हैं, जब किडनी काफी हद तक खराब हो चुकी होती है.
इन लक्षणों पर तुरंत दें ध्यान
अगर खुजली के साथ शरीर में थकान बनी रहती है, हाथ-पैरों या चेहरे पर सूजन आती है, पेशाब कम या ज्यादा हो रहा है, पेशाब का रंग बदल गया है या भूख कम लगने लगी है, तो यह किडनी की समस्या का संकेत हो सकता है. डॉक्टरों की सलाह है कि ऐसे लक्षण दिखते ही किडनी की जांच जरूर करानी चाहिए. समय रहते जांच और इलाज से किडनी को होने वाले बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है.
समय पर जांच ही सबसे बड़ा बचाव
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर दो से तीन हफ्ते से ज्यादा समय तक खुजली बनी रहे और उसका कोई साफ कारण न मिले, तो इसे नजरअंदाज न करें. नियमित रूप से किडनी की जांच कराएं, दिन में 8 से 10 गिलास पानी पिएं, नमक और प्रोटीन का संतुलन रखें. ब्लड प्रेशर और शुगर को नियंत्रण में रखना भी बेहद जरूरी है.शरीर छोटे-छोटे संकेत देकर बड़ी बीमारी की ओर इशारा करता है.इन संकेतों को समझना और समय पर इलाज कराना ही स्वस्थ जीवन की सबसे सुरक्षित राह है.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें