Last Updated:
डॉ.अख्तर के अनुसार, चिंता की बात यह है कि हमारे गांव और समाज से यह पौष्टिक भोजन धीरे-धीरे गायब होता जा रहा है, जबकि विदेशों में यह बहुत तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. बड़ी-बड़ी कंपनियां इसे महंगे दामों में पैक करके बेच रही हैं. हमारे यहां यह आसानी से और सस्ते में उपलब्ध है. इसे अपनी थाली में दोबारा स्थान देना बेहद जरूरी है.
सरफराज आलम/सहरसा: अगर आप अपनी रोजाना की थाली में सिर्फ एक सुपरफूड को शामिल कर लें, तो कई बीमारियों से बच सकते हैं. बाजार में आसानी से मिलने वाला चिकना, जिसे आम भाषा में तीसी भी कहा जाता है यह शरीर के लिए इतना फायदेमंद है कि इसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे. खासकर बच्चों के लिए तो यह किसी वरदान से कम नहीं माना जाता है. सहरसा के प्रसिद्ध स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. नदीम अख्तर बताते हैं कि तीसी आज के समय का एक शक्तिशाली सुपरफूड है. यह विशेष रूप से दिल की बीमारियों से बचाने में सबसे कारगर माना जाता है.
डॉ.अख्तर के अनुसार, नियमित रूप से तीसी का सेवन करने से शरीर में जमा खराब कोलेस्ट्रॉल कम होने लगता है और दिल की धमनियां साफ रहती हैं. यह शरीर में जमा गंदगी और टॉक्सिन को बाहर निकालने में भी बेहद मददगार है. अगर आप इसे अपनी रोज की डाइट में शामिल कर लेते हैं तो दिल की बीमारी, हाई बीपी और कई गंभीर समस्याओं से काफी हद तक छुटकारा पाया जा सकता है. चिकना को किसी भी सब्जी में डालकर उसे खाया जा सकता है. इसे सलाद के रूप में तैयार कर भी खा सकते हैं. यह खाने में भी काफी स्वादिष्ट लगता है और शरीर के लिए फायदेमंद भी है.
डॉ. अख्तर बताते हैं कि यह सुपरफूड बच्चों के लिए खास तौर पर फायदेमंद है. बच्चों की रोटी में, दलिया में या अन्य खाने में थोड़ी मात्रा में तीसी मिलाकर देने से उनके मस्तिष्क का विकास तेज होता है और दिमाग तरोताजा रहता है. यह बच्चों की इम्यूनिटी भी बढ़ाता है, जिससे वे बार-बार बीमार नहीं पड़ते. चिंता की बात यह है कि हमारे गांव और समाज से यह पौष्टिक भोजन धीरे-धीरे गायब होता जा रहा है, जबकि विदेशों में यह बहुत तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. बड़ी-बड़ी कंपनियां इसे महंगे दामों में पैक करके बेच रही हैं. हमारे यहां यह आसानी से और सस्ते में उपलब्ध है. इसे अपनी थाली में दोबारा स्थान देना बेहद जरूरी है.
तीसी की खासियत यह है कि इसे गर्मी और ठंड दोनों मौसम में खाया जा सकता है. गर्मी में यह शरीर को ठंडक देता है और ठंड में यह ऊर्जा प्रदान करता है. रोजाना सिर्फ एक छोटी मात्रा भी शरीर को अद्भुत लाभ देती है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें