Last Updated:
Israeli President Australia Visit: ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर यहूदियों पर किए गए हमले के बाद इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग पहली बार सिडनी पहुंचे हैं. वे 4 दिनों के लिए यहां रहेंगे लेकिन यहां ऑस्ट्रेलियाई यहूदियों का समूह ही उनके विरोध की तैयारी में है.
इजरायली राष्ट्रपति. (Credit- Reuters)
Israeli President Australia Visit : इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग 9 फरवरी को सिडनी पहुंचे. उनका यह चार दिन का ऑस्ट्रेलिया दौरा पिछले साल दिसंबर में बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले के बाद यहूदी समुदाय के प्रति समर्थन दिखाने के लिए है. हालांकि फिलिस्तीनियों को लेकर इजरायल की नीतियों के कारण इस यात्रा को लेकर विवाद भी हो रहा है. समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन के हवाले से बताया कि हर्जोग ने एक बयान में कहा कि वह पूरे ऑस्ट्रेलिया में यहूदी समुदायों का दौरा करेंगे ताकि हमले के बाद समुदाय के प्रति एकजुटता व्यक्त कर सकें और उन्हें ताकत दे सकें.
ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर-जनरल और प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर आए हर्जोग अपने दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई यहूदी समुदाय के नेताओं के साथ बड़े सामुदायिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इसके अलावा उनकी वरिष्ठ राजनेताओं से भी मुलाकात होने की संभावना है. दूसरी ओर फिलिस्तीनियों को लेकर इजराइल की नीतियों और कार्रवाइयों के विरोध में ऑस्ट्रेलिया के कुछ समूहों और आम लोगों ने इस यात्रा का विरोध किया है एक हजार से अधिक ऑस्ट्रेलियाई यहूदियों ने एक खुला पत्र लिखकर कहा है कि हर्जोग यहां स्वागत योग्य नहीं हैं.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम क्यों?
हर्जोग की जिन शहरों में यात्रा तय है, वहां विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई गई है. इनमें कैनबरा और मेलबर्न भी शामिल हैं. सिडनी में सोमवार शाम शहर के केंद्र में रैली और मार्च निकाले जाने की तैयारी है. इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. न्यू साउथ वेल्स राज्य में हर्ज़ोग की यात्रा के समय 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिनमें से करीब 500 पुलिसकर्मी केवल प्रस्तावित प्रदर्शन की सुरक्षा में लगाए जाएंगे.
बॉन्डी बीच पर हुआ था हमला
आपको बता दें कि पिछले साल 14 दिसंबर को सिडनी के बॉन्डी बीच पर यहूदी त्योहार के जश्न के दौरान सामूहिक गोलीबारी हुई थी. इस हमले में 16 लोगों की मौत हो गई थी. ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने इस हमले को आतंकी कार्रवाई बताया था, जो चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट की विचारधारा से प्रेरित थी. इस घटना ने पूरी दुनिया को दहलाकर रख दिया था. लगभग सभी देशों ने इसकी निंदा की थी और कहा था कि ये आतंकवादी हमला ऑस्ट्रेलिया की आत्मा पर है.
About the Author
News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…और पढ़ें
.