Last Updated:
Gluten Free Diet Health Benefits: ग्लूटेन फ्री डाइट का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है और कई लोग इसे फॉलो कर रहे हैं. हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो यह डाइट सभी के लिए जरूरी नहीं है. जिन लोगों को ग्लूटेन पचाने में समस्या होती है, उन लोगों के लिए यह डाइट बेहतर मानी जाती है. सामान्य लोगों के लिए प्रोटीन और फाइबर युक्त डाइट अपनाना ज्यादा फायदेमंद होता है.
ग्लूटेन फ्री डाइट सभी के लिए फायदेमंद नहीं होती है.
Gluten Free Diet Benefits and Risks: जिन लोगों को ग्लूटेन से परेशानी होती है, उन्हें अक्सर ग्लूटेन फ्री डाइट अपनाने की सलाह दी जाती है. ग्लूटेन एक प्रकार का प्रोटीन है, जो गेहूं, जौ, राई और इनसे बने प्रोडक्ट्स में पाया जाता है. ज्यादातर लोग इसे आसानी से पचा लेते हैं, लेकिन कुछ लोगों में यह पचने में समस्या पैदा कर सकता है. आजकल सोशल मीडिया पर इस डाइट को सेहत के लिए वरदान माना जा रहा है और इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. कई लोग दावा करते हैं कि ग्लूटेन फ्री डाइट से वजन कम होता है, पेट साफ रहता है और एनर्जी लेवल बढ़ता है. ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि क्या सच में हर किसी के लिए यह डाइट फायदेमंद है? चलिए इस बारे में डाइटिशियन से हकीकत जान लेते हैं.
यूपी के गाजियाबाद स्थित रंजना न्यूट्रीग्लो क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया कि ग्लूटेन सेंसिटिविटी और सीलिएक डिजीज वाले लोगों के लिए ग्लूटेन फ्री डाइट जरूरी होती है. ऐसे लोग अगर ग्लूटेन का सेवन करेंगे, तो इंटेस्टाइन में सूजन और पोषक तत्वों के अवशोषण में कमी जैसी समस्याएं होती हैं. ऐसे मामलों में ग्लूटेन फ्री डाइट की सलाह दी जाती है. हालांकि सभी लोगों के लिए ग्लूटेन फ्री डाइट अपनाना फायदेमंद नहीं है. दरअसल बाजार में मिलने वाले ग्लूटेन फ्री प्रोडक्ट में ज्यादा शुगर, फैट और प्रोसेस्ड इंग्रेडिएंट्स होते हैं. इन्हें खाने से वजन कम होने के बजाय बढ़ सकता है और ब्लड शुगर लेवल भी प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा ग्लूटेन फ्री डाइट से फाइबर और कुछ जरूरी विटामिन्स की कमी भी हो सकती है, जिससे पेट की सेहत और डाइजेशन बुरी तरह प्रभावित होता है.
डाइटिशियन के अनुसार ग्लूटेन फ्री डाइट अपनाने से पहले अपने शरीर की जरूरतों और मेडिकल हिस्ट्री को समझना बहुत जरूरी है. सिर्फ फैशन या ट्रेंड के लिए ग्लूटेन फ्री फूड्स लेना आपके लिए जरूरी नहीं है. अपनी डाइट में आप चावल, बाजरा, ज्वार, क्विनोआ और ओट्स जैसे विकल्प शामिल कर सकते हैं. इसके साथ-साथ सब्जियां, फल, दालें और प्रोटीन युक्त फूड्स का संतुलित सेवन करना जरूरी है. इससे आपका शरीर आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त करता है और ग्लूटेन से हटकर भी आप स्वस्थ रह सकते हैं. अगर आपको ग्लूटेन से जुड़ी कोई समस्या है, तब इस कंडीशन में आप इस डाइट को फॉलो करें.
एक्सपर्ट की मानें तो ग्लूटेन फ्री डाइट सभी के लिए सुपर डाइट नहीं है. केवल उन्हीं लोगों को इसका लाभ होता है, जिन्हें ग्लूटेन पचाने में समस्या होती है. सामान्य लोगों के लिए संतुलित और पोषणयुक्त डाइट अपनाना, नियमित एक्सरसाइज करना और हेल्दी लाइफस्टाइल रखना ज्यादा फायदेमंद साबित होता है. ग्लूटेन फ्री डाइट को ट्रेंड के तौर पर अपनाने से पहले हमेशा किसी डाइटिशियन या डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए. सोशल मीडिया के ट्रेंड फॉलो करने के चक्कर में आप अपनी सेहत से खिलवाड़ न करें. कई बार ट्रेंड्स सेहत के लिए नुकसानदायक होते हैं और इससे लोगों के शरीर को गंभीर नुकसान होता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें