Last Updated:
Hemant Katare: मध्य प्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इससे प्रदेश में सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं. यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि उन्होंने बजट सत्र के बीच में ही क्यों इस्तीफा दिया है.
हेमंत कटारे
Hemant Katare Resigns Deputy Opposition Leader: मध्य प्रदेश विधानसभा में अभी बजट सत्र चल रहा है. लेकिन इसी बीच कांग्रेस पार्टी से एक बड़ी खबर सामने आई है. जब एमपी विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को सौंपा है.
विधानसभा क्षेत्र को समय ना दे पाने की बताई बड़ी वजह
इस संबंध में संगठन महासचिव संजय कामले ने जानकारी देते हुए कहा कि हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों एवं समय की कमी का उल्लेख किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे. इसी कारण उन्होंने उपनेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र दिया है.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हेमंत कटारे का यह इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, न कि पार्टी की सदस्यता से. वे कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ रहेंगे. अब उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए या नहीं. इसका आखिरी फैसला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विवेकाधिकार पर निर्भर है.
बीजेपी नेता ने कटारे के इस्तीफे पर कही ये बात
उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के इस्तीफा देने के मामले पर बोले भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला हैं. हमने सहज भाव से उनसे बात की थी. उन्होंने कहा था हमें भी साथ रख लो. विधानसभा से हेमंत कटारे बीजेपी विधायक भगवान दास सबनानी के साथ ही निकले थे.
कांग्रेस विधायक ने बताया परिवार का मामला
हेमंत कटारे के इस्तीफा पर कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने कहा कि परिवार का मामला है, अभी कुछ देर पहले हम लोग साथ में खाना खाए हैं. आज उनकी एनिवर्सरी भी है. मुझे भी अभी-अभी पता चला है.
रूठे होंगे, तो मना लेंगे: कांग्रेस MLA ओमकार सिंह
दूसरी तरफ कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है. अगर वह रूठे हैं तो उन्हें मना लेंगे. वह हमारे परिवार के सदस्य हैं और हेमंत कटारे की बीजेपी में जाने की अटकलों को सिरे से नकारा है.
अटेर से विधायक हैं हेमंत कटारे
हेमंत कटारे मध्य प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सत्यदेव कटारे के बेटे हैं. वह अटेर से दो बार के विधायक हैं. साल 2018 में उन्हें अटेर से हार का सामना करना पड़ा था. फिर साल 2023 में उन्होंने यह सीट दोबारा से जीत ली थी.
.