Congress Posters Target Nidhi Chaturvedi: मध्य प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से भीतर ही भीतर चल रही गुटबाजी अब खुलकर सामने आ गई है. पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के समर्थकों ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाकर पार्टी की आंतरिक कलह को सार्वजनिक कर दिया है. इन पोस्टरों के जरिए कांग्रेस की ही वरिष्ठ नेता निधि चतुर्वेदी पर सीधा निशाना साधा गया है, जिससे पार्टी में सियासी हलचल तेज हो गई है. पीसीसी ऑफिस के बाहर लगाए गए पोस्टरों में तीखे शब्दों का इस्तेमाल कर लिखा गया है कि “उंगलियां छोटी पड़ गईं कि नाखून इतने बढ़ गए, कुछ जुगनुओं (निधि चतुर्वेदी) के काफिले सूरज (दिग्गी राजा) के पीछे पड़ गए. इस लाइन के जरिए दिग्विजय सिंह को ‘सूरज’ बताकर उनके कद को बड़ा दिखाने की कोशिश की गई है, जबकि निधि चतुर्वेदी को “जुगनू” कहकर उन पर तंज कसा गया है.
निधि चतुर्वेदी का तंज
आपको बता दें, कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता निधि चतुर्वेदी ने राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा था, जिसमें निधि चतुर्वेदी ने फेसबुक पर लंबी पोस्ट लिखा था कि कांग्रेस की विचारधारा आरएसएस से बिल्कुल अलग है और अगर पार्टी के वरिष्ठ नेता ही संघ की तारीफ करेंगे, तो कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अनुशासन सभी के लिए समान होना चाहिए, चाहे नेता कितना भी बड़ा क्यों न हो.
जयवर्धन सिंह ने साधा निशाना
इसी बीच, दिग्विजय सिंह के बेटे विधायक जयवर्धन सिंह ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें फिल्मी अंदाज में दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी है और उन्होंने निधि चतुर्वेदी पर निशाना साधा है. बता दें, वीडियो में दिग्विजय सिंह एक सभा को संबोधित कर रहे हैं और बैकग्राउंड में एक फिल्मी डायलॉग चल रहा है. इसमें सुनाई दे रहा है ‘बौखला गए हैं, खलबली मच गई है और खुद ही कीचड़ उछाल रहे हैं हम पर… जल्द ही करारा जवाब दिया जाएगा. इसके साथ ही पोस्ट पर जयवर्धन ने लिखा है कि सुना है आज समंदर को बड़ा गुमान आया है, उधर ही ले चलो कश्ती जहां तूफान आया है.
कब शुरू हुआ था विवाद?
दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस नेता निधि चतुर्वेदी ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट पर सवाल उठाए थे. दिग्विजय सिंह ने उस पोस्ट में आरएसएस से जुड़ी एक टिप्पणी की थी, जिस पर निधि चतुर्वेदी ने सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई थी.
पोस्टरों में दिखी नाराजगी
निधि चतुर्वेदी के सवाल उठाने के बाद दिग्विजय सिंह समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली. इसी नाराजगी का परिणाम अब पीसीसी कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों के रूप में सामने आया है. वहीं, राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती की कोशिश कर रही है, लेकिन इस तरह की गुटबाजी पार्टी की एकजुटता पर सवाल खड़े कर रही है. फिलहाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस पूरे मामले पर संयम बरतने की अपील कर रहे हैं. हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी तक इस पोस्टर विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह साफ है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी अब सिर्फ अंदरखाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि खुले मंच पर आ चुकी है.
.