Last Updated:
Hot Showers in Winter: सर्दियों में अधिकतर लोग हल्के गर्म पानी से नहाना पसंद करते हैं. गर्म पानी से नहाना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन गर्म पानी आपकी स्किन के लिए नुकसानदायक हो सकता है. यह आपकी त्वचा की चमक छीन लेता है और ड्राइनेस, खुजली, स्किन एजिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं. एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि हल्के गुनगुने पानी से नहाएं, समय सीमित रखें और नहाने के बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं, ताकि त्वचा हेल्दी और चमकदार बनी रहे.
Hot Water Bath Side Effects: ठंड के मौसम में अधिकतर लोग गर्म पानी से नहाना पसंद करते हैं. इससे ठंड से राहत मिलती है और शरीर को भी आराम मिलता है. अक्सर माना जाता है कि गर्म पानी हमारे शरीर के ब्लड सर्कुलेशन को ठीक रखता है और कई तरह की परेशानियों से बचाता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स भी ठंड में गुनगुने पानी से नहाने की सलाह देते हैं. हालांकि गर्म पानी से नहाने के कुछ नुकसान भी होते हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. गर्म पानी आपकी स्किन के लिए नुकसानदायक हो सकता है. स्किन एक्सपर्ट्स के अनुसार लंबे समय तक गर्म पानी से नहाने से त्वचा की नमी कम हो जाती है, जिससे ड्राइनेस, खुजली और स्किन एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं.
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक त्वचा पर एक नेचुरल ऑयल लेयर होती है, जो उसे मॉइस्चराइज और प्रोटेक्ट करती है. जब आप गर्म पानी से नहाते हैं, तो यह ऑयल लेयर खत्म हो जाती है. इससे त्वचा रूखी, बेजान और फटने लगती है. यही वजह है कि सर्दियों में कई लोगों को खुजली या लाल चकत्ते जैसी दिक्कतें हो जाती हैं. जिन लोगों की स्किन ड्राई या सेंसिटिव होती है, उन्हें गर्म पानी से ज्यादा देर तक नहाने से बचना चाहिए. गर्म पानी से नहाने से स्किन की ऊपरी सतह में सूजन आ सकती है. इससे जलन, खुजली और एलर्जिक रिएक्शन हो सकते हैं. बच्चों और बुजुर्गों की स्किन का खास खयाल रखने की जरूरत होती है.
गर्म पानी से बार-बार नहाने से त्वचा की नमी खत्म होती रहती है, जिससे झुर्रियां और फाइन लाइंस जल्दी आने लगती हैं. समय से पहले त्वचा बूढ़ी दिखने लगती है. एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि नहाने के बाद तुरंत मॉइस्चराइजर लगाना जरूरी है, ताकि स्किन की खोई हुई नमी वापस मिल सके. इससे स्किन हाइड्रेटेड और स्मूद रहती है. सर्दियों में नहाने के लिए पानी का तापमान शरीर से थोड़ा ही गर्म होना चाहिए. बहुत गर्म पानी के बजाय हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. नहाने का समय भी 10-15 मिनट से ज्यादा न रखें. नहाने के बाद तौलिये से त्वचा को रगड़ें नहीं, बल्कि हल्के हाथों से थपथपा कर सुखाएं और तुरंत मॉइस्चराइजर लगाएं. इससे स्किन सॉफ्ट और हेल्दी बनी रहती है.
डॉक्टर्स की मानें तो जिन लोगों को स्किन एलर्जी, एक्जिमा या सोरायसिस की समस्या है, उन्हें बहुत गर्म पानी से नहाने से बिल्कुल बचना चाहिए. इससे उनकी स्थिति और बिगड़ सकती है. इसके अलावा डायबिटीज या थायरॉयड के मरीजों की स्किन पहले से ही ड्राई होती है, इसलिए उनके लिए भी गुनगुना पानी ही बेहतर है. गर्म पानी से नहाना सर्दियों में आराम जरूर देता है, लेकिन इसका ज्यादा इस्तेमाल त्वचा की सेहत बिगाड़ सकता है. ऐसे में लोगों को नहाते वक्त सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि स्किन की सेहत न बिगड़े.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्… और पढ़ें